Notification Icon
Hindi Newsगुजरात न्यूज़Policeman attacked with knife Ganesh immersion procession in Gujarat

गुजरात में गणेश विसर्जन शोभायात्रा में पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला, एक बात पर भड़क गया आरोपी

  • पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने साल 2016 में भी अंकलेश्वर में एक पुलिसकर्मी पर हमला किया था, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

Sourabh Jain भाषा, भरूच, गुजरातWed, 18 Sep 2024 02:19 PM
share Share

गुजरात के भरूच जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान गाली-गलौज न करने को कहने पर एक हेड कांस्टेबल को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले एक व्यक्ति ने चाकू घोंप दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घायल हेड कांस्टेबल को उसके सहकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि वह अब खतरे से बाहर है।

पुलिस उप अधीक्षक कुशाल ओझा ने बताया कि आरोपी महेश वसावा को अंकलेश्वर कस्बे में घटनास्थल से पकड़ा गया और ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक पर जानलेवा हमला करने तथा उसे घायल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को घटी, जब हेड कांस्टेबल ललित पुरोहित और उनके सहकर्मी भरूच नाका क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे।

ओझा ने कहा, 'हेड कांस्टेबल ने देखा कि आरोपी वसावा बेवजह लोगों पर चिल्ला रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। जब पुरोहित ने वसावा को ठीक से व्यवहार करने के लिए कहा तो वह भड़क गया और हेड कांस्टेबल से लड़ने लगा। उसने चाकू निकाला और पुरोहित के हाथ तथा पेट में घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।'

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वसावा ने 2016 में भी अंकलेश्वर में एक पुलिसकर्मी पर हमला किया था, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें