गुजरात में डंपर पलटने से 3 महिला मजदूर और 1 मासूम बच्चे की मौत; क्रेन से निकाले गए शव
- गुजरात के बनासकाठा में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां काम कर रहीं तीन मजदूर महिलाओं की पास में खेल रहे मासूम बच्चे के साथ मौत हो गई है। मौत की वजह डंपर के नीचे दबना है।

गुजरात के बनासकाठा से दर्दनाक हादसे की खबर आई है। यहां काम कर रहीं तीन मजदूर महिलाओं की मौत हो गई है। हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या 4 है। चौथा मासूम बच्चा है, जो काम कर रहीं महिलाओं के पास खेल रहा था। इन लोगों की मौत की वजह, इनके ऊपर डंपर का पलटना है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद शवों को मुश्किल से बाहर निकाला जा सका। इसके लिए क्रेन और बुल्डोजर की मदद ली। ये था पूरा मामला।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम जिले के खेंगरपुरा गांव में उस समय घटी जब मजदूरों का एक समूह सड़क निर्माण कार्य में लगा हुआ था। पुलिस उपाधीक्षक एस.एम. वरोतारिया ने बताया कि डम्पर एक संकरे रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था और पलट गया। इस दौरान वहां सड़क निर्माण के काम में लगीं तीन महिलाएं दब गईं। साथ ही वहां खेल रहा एक बच्चा भी दब गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में एक मजदूर परिवार के बच्चे की भी मौत हो गई। मजदूर सड़क के किनारे दीवार बनाने के लिए मिट्टी खोद रहे थे, तभी रेत से भरा ट्रक लापरवाही से संकरे मोड़ से निकलने की कोशिश करने लगा। चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक वहां काम कर रही तीन महिलाओं और खेल रहे एक बच्चे पर गिर गया।
हादसे के बाद सभी लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। क्रेन और बुलडोजर की मदद से ट्रक के नीचे फंसी महिलाओं और बच्चे को बाहर निकालने में करीब दो घंटे लग गए। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद चारों लोगों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान रेणुकाबेन गनावा (24), सोनलबेन निनामा (22), इलाबेन भाभोर (40) और रुद्र (2) के रूप में हुई है।
थराद के पुलिस निरीक्षक आरआर राठवा ने बताया कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां करीब 10 मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। थराद के सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी जयदीप त्रिवेदी ने बताया कि चार लोगों को अस्पताल में मृत लाया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।