Notification Icon
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़How did MS Dhoni get over the bad memories of the runout in World Cup 2019 He said It was heart breaking but

एमएस धोनी वर्ल्ड कप 2019 के रन आउट की बुरी यादों से कैसे निकले? बोले- दिल तोड़ देने वाला था लेकिन...

एमएस धोनी ने एक इवेंट के दौरान कहा कि यह दिल टूटने वाला था लेकिन साथ ही आपको इससे बाहर निकलना होता है। तो आप बस यह स्वीकार करें कि आपने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन आप इसे जीत नहीं पाए।

Lokesh Khera लाइव हिंदुस्तान टीम, नई दिल्लीThu, 1 Aug 2024 05:52 AM
share Share

वर्ल्ड कप 2019 को हुए 5 साल का समय हो गया है, मगर फैंस के जहन में आज भी एमएस धोनी का वो रन आउट ताजा है जिसकी वजह से भारत सेमीफाइनल से बाहर हुआ था। उस रनआउट के वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहते हैं। मेंचेस्टर में 10 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को 240 रनों का टारगेट मिला था। टॉप आर्डर के बुरी तरह फेल होने के बाद जडेजा ने 59 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेल जीत की आस जगाई थी। वहीं दूसरे छोर पर धोनी संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे।

आखिरी 12 गेंदों पर 31 रनों की दरकार थी। धोनी ने पहले गेंद पर छक्का लगाया, मगर तीसरी गेंद पर दो रन दौड़ने के प्रयास में वह रन आउट हो गए। मार्टिन गप्टिल का थ्रो सीधा विकेट पर जाकर लगा और धोनी कुछ इंच से क्रीज में पहुंचने से रह गए। उस रन आउट के बाद धोनी समेत हर क्रिकेट फैंन की आंखों में आंसू थे।

हाल ही में एक इवेंट के दौरान जब एक फैंन ने धोनी से पूछा कि 2019 वर्ल्ड कप की हार के बाद हम सभी का दिल टूटा, धोनी ने उसे निजी तौर पर कैसे डील किया?

एमएस धोनी ने इसके जवाब में कहा, "यह मुश्किल था क्योंकि मुझे पता था कि यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा, इसलिए जीतने वाली टीम में होना अच्छा होता। यह दिल टूटने वाला पल था, इसलिए हमने परिणाम को स्वीकार कर लिया और आगे बढ़ने की कोशिश की। थोड़ा समय लगता है और वर्ल्ड कप के बाद थोड़ा समय मिल भी जाता है। मैंने तो उसके बाद अंतरराष्ट्रीय खेला नहीं है तो मुझे तो काफी समय मिला है। तो, हां, यह दिल टूटने वाला था लेकिन साथ ही आपको इससे बाहर निकलना होता है। तो आप बस यह स्वीकार करें कि आपने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन आप इसे जीत नहीं पाए।"

बता दें, 2019 वर्ल्ड कप में भारत को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। धोनी 72 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुए थे। वह धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर का भी आखिरी मैच था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें