रहाणे ने लगाई ऑरेंज कैप की रेस में छलांग, पर्पल कैप छीनने से बाल-बाल बचे नूर; वैभव को भी हुआ फायदा
IPL 2025 Orange Cap Purple Cap Updated List: सीएसके ने केकेआर के खिलाफ दो विकेट से जीत हासिल की। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने ऑरेंज कैप की रेस में छलांग लगाई है। नूर अहमद पर्पल कैप छीनने के नजदीक पहुंच गए हैं।

IPL 2025 Orange Cap Purple Cap Updated List: चेन्नई सुपर किंग्स वर्सेस कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल 2025 का 57वां मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला गया। सीएसके ने बुधवार को रोमांचक मैच में दो गेंद बाकी रहते दो विकेट से जीत दर्ज की। केकेआर ने 180 का टारगेट दिया था। इस मैच के बाद ऑरेंज कैप लिस्ट में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, केकेआर के कप्तान और अनुभवी बैटर अजिंक्य रहाणे को जरूर फायदा मिला। वह ऑरेंज कैप की रेस में पांच स्थानों की छलांग लगाकर 13वें पर पहुंच गए हैं। वह 12 मैचों में 37.50 की औसत से 375 रन बना चुके हैं।
रहाणे ने केकेआर वर्सेस सीएसके मैच में टिककर बल्लेबाजी की लेकिन वह फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 33 गेंदों का सामना करने के बाद 48 रन बटोरे, जिसमें चार चौके और दो सिक्स शामिल हैं। फिलहाल, ऑरेंज कैप मुंबई इंडियंस (एमआई) के सूर्यकुमार यादव के पास है। उन्होंने 12 मैचों में 63.75 की औसत से 510 रन जुटाए हैं। मौजूदा सीजन में सबसे ज्याद रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में गुजरात टाइटंस (जीटी) के ओपनर साई सुदर्शन दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 11 मुकाबलों में 509 रन जोड़े हैं, जिसमें 46.27 का औसत है। उनके बाद जीटी कैप्टन शुभमन गिल (508) और आरसीबी के विराट कोहली (505) हैं। अभी तक कुल पांच खिलाड़ियों ने 500 या उससे अधिक रन बनाए हैं।
आईपीएल 2025 ऑरेंज कैप लिस्ट-
प्लेयर | मैच | रन | औसत |
सूर्यकुमार यादव | 12 | 510 | 63.75 |
साई सुदर्शन | 11 | 509 | 46.27 |
शुभमन गिल | 11 | 508 | 50.80 |
विराट कोहली | 11 | 595 | 63.12 |
जोस बटलर | 11 | 500 | 71.42 |
यशस्वी जायसवाल | 12 | 465 | 43.00 |
प्रभसिमरन सिंह | 11 | 437 | 39.72 |
निकोलस पूरन | 11 | 410 | 41.00 |
श्रेयस अय्यर | 11 | 405 | 50.62 |
केएल राहुल | 10 | 381 | 47.62 |
मिचेल मार्श | 10 | 378 | 37.80 |
रियान पराग | 12 | 377 | 37.70 |
अजिंक्य रहाणे | 12 | 375 | 37.50 |
चेन्नई सुपर किंग्स के युवा स्पिनर नूर अहमद पर्पल कैप छीनने से बाल-बाल बचे। उन्होंने कोलकाता के मैदान पर शानदार गेंदबाजी करते हुए चार शिकार किए। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 31 रन खर्च किए। अफगानिस्तान के नूर के खाते में 12 मैचों में 20 विकेट हो गए हैं। वह जारी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गए। गुजरात टाइटंस के पेसर प्रसिद्ध कृष्णा ने 11 मैचों में 20 शिकार किए हैं और उनके सिर पर्पल कैप सजी है।
नूर के बाद लिस्ट में आरसीबी के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और मुंबई के पेसर ट्रेंट बोल्ट हैं, जिन्होंने 18-18 विकेट अपने नाम किए। केकेआर के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा की टॉप-10 में एंट्री हुई है। वह ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर चले गए हैं। उन्होंने सीएसके के सामने तीन विकेट हासिल किए। हालांकि, वैभव महंगे साबित हुए। उन्होंने तीन ओवर में 48 रन लुटाए। केकेआर के हर्षित राणा दो विकेट लेने के बाद सूची में नौवें पर पहुंच गए हैं। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 43 रन दिए।
आईपीएल 2025 पर्पल कैप लिस्ट-
प्लेयर | मैच | विकेट | औसत |
प्रसिद्ध कृष्णा | 11 | 20 | 16.45 |
नूर अहमद | 12 | 20 | 17.25 |
जोश हेजलवुड | 10 | 18 | 17.27 |
ट्रेंट बोल्ट | 12 | 18 | 19.88 |
वरुण चक्रवर्ती | 12 | 17 | 19.35 |
अर्शदीप सिंह | 11 | 16 | 18.18 |
वैभव अरोड़ा | 11 | 16 | 24.43 |
मोहम्मद सिराज | 11 | 15 | 24.60 |
हर्षित राणा | 12 | 15 | 27.20 |
साई किशोर | 11 | 14 | 17.64 |