Notification Icon
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़ICC announced Womens T20 World Cup Updated Schedule India and Pakistan will clash on this day

ICC ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के नए शेड्यूल का किया ऐलान, इस दिन भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

  • Women’s T20 World Cup 2024 Updated Schedule: आईसीसी ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के नए शेड्यूल का ऐलान किया है। टूर्नामेंट यूएई में खेला जाना है। टी20 वर्ल्ड कप पहले बांग्लादेश मे आयोजित होना था लेकिन खराब राजनीतिक हालात के कारण यूएई शिफ्ट करना पड़ा।

Md.Akram लाइव हिन्दुस्तानMon, 26 Aug 2024 03:14 PM
share Share

आईसीसी ने सोमवार (26 अगस्त) को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के नए शेड्यूल का ऐलान किया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में टूर्नामेंट की शुरुआत तीन अक्टूबर से होगी और फाइनल मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। पहला मैच में बांग्लादेश और स्कॉटलैंड की टक्कर होगी। टी20 वर्ल्ड कप पहले बांग्लादेश में आयोजित होना था लेकिन राजनीतिक संकट के कारण टूर्नामेंट को यूएई शिफ्ट करना पड़ा। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के पास है। बता दें कि टूर्नामेंट में 10 टीमें ट्राफी के लिए जोर आजमाइश करेंगी, जो 4-4 ग्रुप मैच खेलेंगी। टूर्नामेंट में कुल 23 मैच होंगे।

भारत-पाकिस्तान की इस दिन टक्कर

भारतीय टीम ग्रुप ए का हिस्सा है, जिसमें न्यूजीलैंड, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया हैं। वहीं, ग्रुप बी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, स्कॉटलैंड और साउथ अफ्रीका हैं।भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज चार अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा। भारत की चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से 6 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ंत होगी। भारत तीसरा मुकबाला 9 अक्टूबर को श्रीलंका के विरुद्ध खेलेगा और फिर 13 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से आखिरी लीग मैच में टकराएगा। पहला सेमीफाइनल 17 अक्टूबर को दुबई और दूसरा 18 अक्टूबर को शारजाह में खेला जाएगा। फाइनल दुबई में होगा। सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे है।

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का अपडेटेड शेड्यूल

3 अक्टूबर, गुरुवार, बांग्लादेश बनाम स्कॉटलैंड, शारजाह, दोपहर 2 बजे

3 अक्टूबर, गुरुवार, पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, शारजाह, शाम 6 बजे

4 अक्टूबर, शुक्रवार, दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, दुबई, दोपहर 2 बजे

4 अक्टूबर, शुक्रवार, भारत बनाम न्यूजीलैंड, दुबई, शाम 6 बजे

5 अक्टूबर, शनिवार, बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड, शारजाह, दोपहर 2 बजे

5 अक्टूबर, शनिवार, ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका, शारजाह, शाम 6 बजे

6 अक्टूबर, रविवार, भारत बनाम पाकिस्तान, दुबई, दोपहर 2 बजे

6 अक्टूबर, रविवार, वेस्टइंडीज बनाम स्कॉटलैंड, दुबई, शाम 6 बजे

7 अक्टूबर, सोमवार, इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, शारजाह, शाम 6 बजे

8 अक्टूबर, मंगलवार, ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड, शारजाह, शाम 6 बजे

9 अक्टूबर, बुधवार, दक्षिण अफ्रीका बनाम स्कॉटलैंड, दुबई, दोपहर 2 बजे

9 अक्टूबर, बुधवार, भारत बनाम श्रीलंका, दुबई, शाम 6 बजे

10 अक्टूबर, गुरुवार, बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज, शारजाह, शाम 6 बजे

11 अक्टूबर, शुक्रवार, ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान, दुबई, शाम 6 बजे

12 अक्टूबर, शनिवार, न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, शारजाह, दोपहर 2 बजे

12 अक्टूबर, शनिवार, बांग्लादेश बनाम दक्षिण अफ्रीका, दुबई, शाम 6 बजे

13 अक्टूबर, रविवार, इंग्लैंड बनाम स्कॉटलैंड, शारजाह, दोपहर 2 बजे

13 अक्टूबर, रविवार, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, शारजाह, शाम 6 बजे

14 अक्टूबर, सोमवार, पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, दुबई, शाम 6 बजे

15 अक्टूबर, मंगलवार, इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज, दुबई, शाम 6 बजे

17 अक्टूबर, गुरुवार, सेमीफाइनल 1, दुबई, शाम 6 बजे

18 अक्टूबर, शुक्रवार, सेमीफाइनल 2, शारजाह, शाम 6 बजे

20 अक्टूबर, रविवार, फाइनल, दुबई, शाम 6 बजे

आईसीसी ने किन हालात में शिफ्ट किया टूर्नामेंट?

इंटनरेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने 20 अगस्त को टी20 वर्ल्ड कप शिफ्ट करने की जानकारी दी थी। आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस ने बांग्लादेश में अशांति का जिक्र किए बिना कहा था, ''बांग्लादेश के लिए महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी नहीं करना निराशाजनक है क्योंकि हम जानते हैं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने एक यादगार आयोजन की तैयारी की थी।'' उन्होंने कहा, ''कई भाग लेने वाली टीमों की सरकारों से यात्रा संबंधी सलाह का मतलब था कि वहां इसका आयोजन संभव नहीं। बांग्लादेश हालांकि मेजबानी के अधिकार बरकरार रखेगा। हम निकट भविष्य में बांग्लादेश में एक आईसीसी वैश्विक टूर्नामेंट आयोजित करने की कोशिश करेंगे।''

बता दें कि शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद देश भर में भड़की हिंसा की घटनाओं में सैकड़ों लोग मारे गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीन को देश से भागना पड़ा। देश में एक अंतरिम सरकार का गठन किया गया है और 84 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को इसका मुख्य सलाहकार नामित किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री के करीबी माने जाने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजमुल हसन पापोन भी देश छोड़कर भाग गए हैं।

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें