छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में मौसम होगा खराब, बारिश का येलो अलर्ट जारी; तेज हवा के साथ होगी बरसात
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान बीजापुर में सबसे ज्यादा 16 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा जिले में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

छत्तीसगढ़ में प्री-मॉनसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जिससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र से आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है। आगामी 13, 14 और 15 जून को प्रदेश के अनेक स्थानों पर तेज गरज, अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है। रायपुर में आसमान पर बादल छाए हुए हैं, जिससे गर्मी से राहत है, लेकिन उमस ने परेशान कर दिया है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाडा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ मेघ गर्जन होने, आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 KMPH की संभावना है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट आगामी तीन घंटों के लिए जारी किया है। मौसम विभाग ने कल शाम को 8 जिलों के लिए ऑरेंज और 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। आसमान में सूरज और बादल के बीच लुका-छिपी का दौर जारी है।
बिलासपुर रहा सबसे ज्यादा गर्म
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान बीजापुर में सबसे ज्यादा 16 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा जिले में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बारिश का दौर शुरू होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बिलासपुर रहा, यहां तापमान 37.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.1 बलरामपुर-रामानुजगंज और 24.4 दुर्ग जिले में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 14 जून से मॉनसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई है।
इस सिस्टम की वजह से हो रही बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तट से दूर बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। उत्तर -पूर्व राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तक ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। मॉनसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप, बालुरघाट से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। रायपुर में अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतन तापमान 25°C के आसपास रहने की संभावना है।
रिपोर्ट - संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।