छत्तीसगढ़ में आंधी और बारिश की संभावना, बिजली गिरने की चेतावनी; 14 जिलों में येलो अलर्ट
Chhattisgarh weather update: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भीषण गर्मी के बाद मौसम में बदलाव हुआ है। मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और ओलावृष्टि हो सकती है।

Chhattisgarh weather update: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भीषण गर्मी के बाद मौसम में बदलाव हुआ है। मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और ओलावृष्टि हो सकती है। चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के असर से मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम में आए बदलाव से एक-दो स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को जशपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, सुकमा, बलरामपुर, रायगढ़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट शाम 6 बजे तक के लिए है। आसमान पर काले बादल छाने से तेज गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने की रात को धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर पेंड्रा, मरवाही सहित की जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। रायपुर और दुर्ग जिले में बूंदाबांदी हुई थी।
मौसम में बदलाव
छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम राजस्थान से मन्नार की खाड़ी तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। वहीं दूसरी द्रोणिका उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ और असम तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा बिहार के ऊपर लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसमी गतिविधियों की वजह से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिनभर धूप के बाद शाम को मौसम में बदलाव आ रहा है।
आगामी दिनों में 3 से 4 डिग्री बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों में मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस और उत्तर छत्तीसगढ़ में 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना जताई है। इसके अलावा दक्षिण छत्तीसगढ़ में 1-2°C की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दौरान 3 दिनों तक मेघ गर्जन की गतिविधि जारी रहने की भी संभावना है। सप्ताहभर से मौसम में आ रहे बदलाव के बाद अब तापमान में बढ़ोतरी का दौर भी शुरू हो सकता है। अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
सुबह कुछ जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर जिले में मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश रिकार्ड किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश से शाम के समय मौसम सुहाना हो जा रहा है। प्रदेश में सबसे गर्म जिला राजनांदगांव और बिलासपुर बना हुआ है। भिलाई, रायपुर में भी तेज गर्मी पड़ रही है।
रिपोर्टः संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।