Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़chhattisgarh local bodies election large numbers voting in first phase of panchayat elections

छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव के पहले चरण में जमकर पड़े वोट; कितना फीसदी मतदान?

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के 53 विकास खंडों में सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में औसतन 75.86 फीसदी मतदान हुआ।

Krishna Bihari Singh भाषा, रायपुरTue, 18 Feb 2025 12:23 AM
share Share
Follow Us on
छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव के पहले चरण में जमकर पड़े वोट; कितना फीसदी मतदान?

छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के 53 विकास खंडों में सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में औसतन 75.86 फीसदी मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि यह आंकड़ा अंतिम नहीं है। मतदान के आंकड़ों में और भी ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रही।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में 75.86 फीसदी मतदान हुआ।मतदान मतपत्रों के माध्यम से हुआ। 7 जिलों वाले बस्तर संभाग में नक्सली खतरे के कारण मतदान का समय सुबह 6.45 बजे से अपराह्न दो बजे तक था, जबकि अन्य जगहों पर सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान हुआ।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में पंचायत के चुनाव 3 स्तरों पर होते हैं- ग्राम पंचायत (गांव), जनपद पंचायत (ब्लॉक) और जिला पंचायत (जिला)। पंचायत चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते। पहले चरण के लिए कुल 57,99,660 मतदाता हैं, जिनमें 28,70,859 पुरुष, 29,28,751 महिलाएं और 50 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं।

पहले चरण में मतदाताओं ने 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले चरण के लिए 9,873 मतदान केंद्र बनाए गए थे। पहले चरण में वार्ड पंच के लिए 60,203, सरपंच के लिए 14,646, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए 4,587 और जिला पंचायत सदस्यों के लिए 702 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दूसरे और तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी और 23 फरवरी को होना है। हर चरण में वोट डाले जाने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना होगी। पहले चरण के लिए 19 फरवरी को, दूसरे चरण के लिए 22 को जबकि तीसरे चरण के लिए 25 फरवरी को ब्लॉक स्तर पर वार्ड पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्यों के पदों के लिए सारणीकरण और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इसी तरह पहले चरण के लिए 20 फरवरी को, दूसरे चरण के लिए 23 फरवरी को और तीसरे चरण के लिए 25 फरवरी को जिला पंचायत सदस्यों का सारणीकरण और परिणाम जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। राज्य में हाल ही में हुए शहरी निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ BJP ने बड़ी जीत दर्ज की है। BJP ने सभी 10 नगर निगमों में महापौर पद जीते।

49 नगर परिषदों में अध्यक्ष पदों में से BJP ने 35, कांग्रेस ने आठ, AAP ने एक, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने पांच पर कब्जा किया। इसी तरह, BJP ने 114 नगर पंचायतों में से 81 में अध्यक्ष पद हासिल किया एवं 22 में कांग्रेस, एक में BSP और 10 में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। वार्ड पार्षदों के कुल 3,200 पदों में से भाजपा ने 1,868, कांग्रेस ने 952 और अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 380 पर जीत हासिल की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें