UPPSC : AE भर्ती के आवेदन शुरू होते ही तेजी से बढ़ी OTR की संख्या, मेन्स में भी होगी नेगेटिव मार्किंग
- UPPSC Recruitment: सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा 2024 में न सिर्फ पहली बार प्रारंभिक परीक्षा होने जा रही है बल्कि मेन्स में इस बार से नेगेटिव मार्किंग भी होगी।

यूपी में असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू होते ही वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की संख्या में तेजी से इजाफा होने लगा है। आवेदन शुरू होते ही एक दिन के भीतर एक हजार ओटीआर बढ़े हैं। यानी एक हजार नए आवेदकों ने रजिस्ट्रेशन किया है। 17 दिसंबर तक ओटीआर करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 18.81 लाख थी। लेकिन बुधवार को यह संख्या बढ़कर 1882258 हो गई। आपको बता दें कि बिना आटीआर के यूपीपीएससी की कोई भी भर्ती परीक्षा नहीं दी जा सकती। भर्ती के लिए एप्लाई करने से 72 घंटे पहले ओटीआर नंबर हासिल करना होता है। यह भर्ती इससे पहले 2021 में निकली थी तब ओटीआर का नियम नहीं था।
सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा 2024 में न सिर्फ पहली बार प्रारंभिक परीक्षा होने जा रही है बल्कि मेन्स में इस बार से नेगेटिव मार्किंग भी होगी। मतलब प्रारंभिक और मेन्स दोनों समय अभ्यर्थियों को नेगेटिव मार्किंग का ध्यान रखना होगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे और मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
इस बार आयोग ने जिन 604 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है, उनमें सामान्य के 582 और विशेष चयन (ओबीसी/एसटी) के 22 पद शामिल हैं। सामान्य के 582 पदों में 258 पद अनारक्षित हैं, जबकि 116 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 148 पद अनुसूचित जाति, नौ पद अनुसूचित जनजाति व 51 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा किए जाने व ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है। त्रुटि सुधार और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 24 जनवरी है। प्रारंभिक परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंकों का होगा और परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी। 150 प्रश्नों में सामान्य ज्ञान के 25, सामान्य हिंदी के 25 व इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड के 100 प्रश्न होंगे।
750 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा
मुख्य परीक्षा 750 अंकों की होगी, जिसमें 375-375 अंकों के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों को हल करने के लिए ढाई-ढाई घंटे का वक्त मिलेगा। प्रत्येक प्रश्नपत्र में 125 सवाल होंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में सामान्य हिंदी के 25 प्रश्न होंगे व प्रत्येक प्रश्न के लिए तीन अंक यानी कुल 75 अंक और मुख्य विषय (सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, विद्युत व कृषि इंजीनियरिंग) से 100 प्रश्न होंगे व प्रत्येक प्रश्न के लिए तीन अंक यानी कुल 300 अंक निर्धारित होंगे। इसी प्रकार द्वितीय प्रश्नपत्र में तीन-तीन अंक के सामान्य अध्ययन के 25 प्रश्न व तीन-तीन अंक के मुख्य विषय के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे, जो 100 अंकों का होगा।
सामान्य चयन के पद
- लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 226 पद।
- सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता (यांत्रिक) के 77 पद।
- उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) में सहायक अभियंता (सिविल) के 107 व सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) के 14 पद।
- ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 65 पद।
- आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) 40 व सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) के आठ पद।
- कृषि विभाग में यूपी एग्रीकल्चर ग्रुप-बी ग्रेड-2 (अभियंत्रण शाखा) के 12 पद।
- ऊर्जा विभाग में सहायक निदेशक (विद्युत) के सात पद।
- सिंचाई एवं जल संसाधन निदेशालय में सहायक अभियंता (सिविल) के 20 पद।
- चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के छह पद।
विशेष चयन के पद
- सिंचाई एवं जल संसाधन निदेशालय में सहायक अभियंता सिविल (ओबीसी/एसटी) के 22 पद।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।