Republic Day Speech : 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर दें यह छोटा और आसान भाषण, भर देगा जोश
- Republic Day speech In Hindi : 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूल में भाषण, लेख व निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। स्टूडेंट्स को इन प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। स्पीच का उदाहरण यहां से ले सकते हैं।

Republic Day speech In Hindi : भारत 26 जनवरी को अपना राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस का जश्न मनाने के लिए तैयार है। यह भारत का 76वां गणतंत्र दिवस है। इस बार संविधान लागू होने के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं, इसलिए इस बार का गणतंत्र दिवस उत्सव और भी खास होगा। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूल और कॉलेज में वाद-विवाद, भाषण, निबंध प्रतियोगिता आदि जैसे समारोह आयोजित किए जाते हैं। हर स्टूडेंट को इन प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। अगर स्टूडेंट स्पीच दे रहे हैं तो अपने भाषण को आसान शब्दों में रखें। जटिल शब्दों और लंबे वाक्यों के प्रयोग से बचें। स्कूल में भाषण देने से पहले उसे घर पर एक बार बोलकर अभ्यास करना हमेशा अच्छा होता है। स्पीच में सबसे पहले कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों, प्रधानाचार्य व शिक्षकों को प्रणाम करें। यह बताते हुए शुरुआत करें कि 26 जनवरी को देश अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू किया गया। भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया गया। इस वजह से हर साल 26 जनवरी का दिन राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के तौर पर मनाया जाता है।
Republic Day speech In Hindi : यहां देखें गणतंत्र दिवस भाषण का उदाहण ( रिपब्लिक डे स्पीच )
आदरणीय मुख्य अतिथि/प्रधानाचार्य, मेरे अध्यापकगण और मेरे साथियों...
आप सभी देश के 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज का दिन और भी खास है क्योंकि संविधान को लागू हुए 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। आज सबसे पहले मैं देश के उन सभी महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को सलाम करता हूं और श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अपने जीवन का बलिदान दिया ताकि हम एक आजाद, संप्रभु व लोकतांत्रिक राष्ट्र में रह सकें। इन लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इसके अलावा मैं जाबांज सैनिकों को भी नमन करता हूं जो सीमाओं पर परिवार से दूर रहकर मुश्किल परिस्थितियों में हिंदुस्तान की सुरक्षा में डटे हैं और जो शहीद हो चुके हैं। उनकी बहादुरी और सतर्कता के बिना हम उन प्रभावशाली उपलब्धियों को प्राप्त नहीं कर सकते थे जो हमने आजादी के बाद हासिल कर ली हैं।
दोस्तों, हमारा देश 15 अगस्त 1947 को आजाद जरूर हुआ था लेकिन हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। 26 जनवरी 1950 ही वह दिन था जब भारत पूर्ण गणतंत्र बना। इसी वजह से हर साल 26 जनवरी का दिन राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के तौर पर मनाया जाता है। पहली बार गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 1950 को मनाया गया था। यह वो दिन था जब से हम कहने लगे कि हम भारतवासियों का अपना संविधान व कानून है और हमें ब्रिटिश राज से पूरी तरह आजादी मिल गई है।
साथियों यह संविधान ही है जो भारत के नागरिकों के एक सूत्र में बांधे रखता है इसलिए यह दिन हमारे लिए बेहद खास है। संविधान वह दस्तावेज है जो बताता है कि भारत सरकार कैसे काम करती है और इस देश नागरिकों के क्या अधिकार व कर्तव्य हैं। यह दिन भारत में राष्ट्रीय पर्व के तौर पर मनाया जाता है।
साथियों, वैसे तो हर साल गणतंत्र दिवस पर देश के हर राज्य में कई कार्यक्रम होते हैं लेकिन सबसे बड़ा कार्यक्रम दिल्ली के कर्तव्य पथ (पहले राजपथ) पर होता है। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की भव्य परेड निकलती है जिसमें हमारे देश की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलती है। दिल्ली के इंडिया गेट पर होने वाली इस भव्य परेड में राष्ट्रपति तिरंगा फहराते हैं। संविधान को लागू हुए 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। ऐसे में इस बार कर्तव्य पथ (पहले राजपथ) पर होने वाली परेड भी और भी खास होगी। परेड के दौरान दो झांकियां संविधान के 75 साल के उत्सव को दिखाएगी।
इस बार गणतंत्र दिवस परेड की थीम 'स्वर्णिम भारत : विरासत और विकास' रखी गई है। इस वर्ष विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के मंत्रालयों/विभागों की 31 झांकियां भाग लेंगी, जो 'स्वर्णिम भारत : विरासत और विकास' विषय पर आधारित होंगी। परेड में मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो होंगे। आधिकारिक तौर पर 29 जनवरी को ‘बीटिंग रिट्रीट’ सेरेमनी के साथ गणतंत्र दिवस उत्सव का समापन होता है।
इतनी लंबी यात्रा के बाद अभी काफी कुछ पाना बाकी हो। देश में आज भी आतंकवाद, नक्सलवाद, लिंग भेद, महिला विरोधी अपराध व उनसे भेदभाव, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, गरीबी, अशिक्षा जैसी समस्याएं हैं। हमें इन्हें जड़ से मिटाने के लिए एक साथ आगे आना होगा। देश में हर घर में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करनी है। हर शहर व गांव के हर घर में 24 घंटे बिजली के लक्ष्य को पाना है। हमें आज के दिन अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लेना चाहिए।
मुझे आप सबने मुझे अपने विचार रखने का अवसर दिया, इसके लिए आप सभी का धन्यवाद। जय हिन्द! भारत माता की जय! वंदेमातरम्!
गणतंत्र दिवस स्पीच आइडिया ( Republic Day 2025 Speech ideas )
- छात्र गणतंत्र दिवस परेड, इसके महत्व और विषय के बारे में भाषण दे सकते हैं
- गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि को आमंत्रित करने के चलन के बारे में भी बात कर सकते हैं।
- स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में भी बात की जा सकती है जिन्होंने भारत के लिए अपने प्राणों की आहूति दी।
- भारतीय संविधान पर भी बोला जा सकता है।
- भारत की 76 वर्षों की यात्रा पर भी बात कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।