नई ऊंचाई पर पहुंचा टाटा का यह होटल शेयर, दो महीने से कम में 50% उछला भाव
- टाटा ग्रुप की कंपनी बनारस होटल्स के शेयर दो महीने से भी कम में 50% से अधिक चढ़ गए हैं। बनारस होटल्स के शेयर गुरुवार को तेजी के साथ 52 हफ्ते के नए हाई पर भी जा पहुंचे हैं। बनारस होटल्स में इंडियन होटल्स कंपनी की 49% से ज्यादा हिस्सेदारी है।

कमजोर बाजार के बीच टाटा ग्रुप के होटल स्टॉक बनारस होटल्स में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। बनारस होटल्स के शेयर गुरुवार को 7 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 12,299.90 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर जा पहुंचे हैं। पिछले 3 दिन में होटल कंपनी के शेयरों में 25 पर्सेंट का उछाल आया है। वहीं, पिछले 2 महीने से कम में बनारस होटल्स के शेयर 50 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 7400 रुपये है।
दो महीने से कम में 50% से ज्यादा उछल गए शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी बनारस होटल्स के शेयर दो महीने से भी कम में 50 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। बनारस होटल्स के शेयर 13 जनवरी 2025 को 8105.45 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 20 फरवरी 2025 को 12,299.90 रुपये पर जा पहुंचे हैं। इस साल अब तक बनारस होटल्स के शेयरों में 45 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के अलावा बनारस होटल्स टाटा ग्रुप का अकेला ऐसा स्टॉक है, जिसमें इस साल के शुरुआती दो महीनों में उछाल देखने को मिला है।
बनारस होटल्स में इंडियन होटल्स कंपनी का 49% से ज्यादा हिस्सा
बनारस होटल्स, इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) की सब्सिडियरी है। बनारस होटल्स में इंडियन होटल्स की 49.53 पर्सेंट हिस्सेदारी है। बनारस होटल्स लग्जरी और बजट होटल्स ऑपरेट करती है। कंपनी के पास वाराणसी में ताज गंजेज और नदेसर पैलेस होटल्स हैं, जबकि गोंदिया में जिंजर होटल है। इंडियन होटल्स कंपनी, टाटा ग्रुप का हिस्सा है।
20% बढ़ा है बनारस होटल्स का मुनाफा
बनारस होटल्स (Benares Hotels) का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 20 पर्सेंट बढ़कर 13.56 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में बनारस होटल्स को 11.30 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। कंपनी की नेट सेल्स चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 15.65 पर्सेंट बढ़कर 38.87 करोड़ रुपये रही है, एक साल पहले की समान अवधि में बनारस होटल्स की सेल्स 33.61 करोड़ रुपये थी।
बजट जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।