बिहार के युवक की सूडान में हत्या, वीडियो कॉलिंग से हुई शिनाख्त, परिवार लगा रहा शव की वतन वापसी की गुहार
बिहार के सीवान जिले रहने वाले अरविंद कुमार की मामूली विवाद में सूडान में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वीडियो कॉलिंग से परिजनों ने शव की शिनाख्त की। परिजनों की मांग शव की वतन वापसी की है।

सूडान में नौकरी करने गए बिहार के एक शख्स की मामलू विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परिजनों ने वीडियो कॉलिंग के जरिए की। मृतक अरविंद कुमार सीवान के दरौंदा थाना क्षेत्र के कौथुआ सारंग गांव का रहने वाला है। अरविंद की हत्या की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। और अब वो अरविंद के शव की वतन वापसी की मांग कर रहे हैं। ताकि उसका अंतिम संस्कार किया सके। वहीं सीवान के डीएम ने इस मामले को विदेश मंत्रालय के संज्ञान में देने का बात बोली है।
सूडान में बिहार के युवक की मौत
करीब कुछ महीने पहले ही अरविंद अपने दोस्तों के साथ नौकरी करने सूडान गया था। बीते साल उसकी शादी किरण से हुई थी। परिवार का आर्थिक बोझ उठाने वाला इकलौता अरविंद ही था। जब अरविंद के दोस्त ने उसके परिजनों को बताया कि मामूली विवाद में अरविंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अरविंद के परिजनों ने वीडियो कॉलिंग से शव की शिनाख्त की। इस बात का पता चलने पर अरविंद की पत्नी को गहरा सदमा लगा है।
शव के वतन वापसी की मांग
जानकारी के मुताबिक अरविंद का सूडान में वहां के स्थानीय नागरिकों से किसी बात पर बहस हो गई थी। जिससे गुस्साए सूडानी ने उसे गोली मार दी। जिसके बाद अरविंद को वहां के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अरविंद कुमार की 3 महीने की मासूम बच्ची भी है। जो अपने पिता का इंतजार ही करती रह गई है। और अब वो अपने पिता को कभी नहीं देख पाएगी। परिवार ने सरकार से अरविंद के शव की वतन वापसी की मांग की है।