Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Poonch JK terrorist attack army Jawan Chandan Kumar of Bihar martyrs got married a month ago wife unconscious

पूंछ आतंकी हमले में बिहार के चंदन कुमार शहीद, एक महीने पहले ही हुई थी शादी; पत्नी बेसुध

पूंछ आतंकी हमले में शहीद चंदन कुमार नवादा जिले के रहने वाले थे। उनका परिवार बहुत गरीब है। घर भी जीर्णशीर्ण हालत में है। एक महीने पहले ही चंदन की शादी हुई थी, शहादत की खबर मिलते ही पत्नी बेसुध हो गई।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, नवादाFri, 22 Dec 2023 09:35 AM
share Share

जम्मू-कश्मीर के पूंछ में हुए आतंकी हमले में भारतीय सेना के 5 जवान शहीद हो गए। इनमें से एक बिहार के नवादा जिले में रहने वाले चंदन कुमार भी शामिल हैं। उनकी शहादत की खबर मिलते ही घर-परिवार और गांव में मातम छा गया है। शहीद की पत्नी शिल्पी कुमारी की तबीयत खराब हो गई है। चंदन कुमार की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। शहीद के परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। वे बहुत गरीब परिवार से आते थे। गांव में स्थित उनका घर भी जीर्णशीर्ण हालत में है। परिवार वाले अब उनके पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे हैं।

शहीद चंदन कुमार नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना इलाके में कुटरी पंचायत के नारोमुरार गांव के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम मौलेश्वर सिंह है। 26 वर्षीय चंददन 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। बीते ढाई साल से उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में थी। चंदन कुमार ने गांव में ही शुरुआती पढ़ाई की थी। वे भारतीय सेना की 86 बटालियन इनफैंट्री में राइफल मैन के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को उनकी शहादत की खबर मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।

शहीद के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन एवं गांव के अन्य लोग शहीद के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहीद चंदन कुमार का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके गांव पहुंच सकता है, जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शहीद चंदन कुमार बहुत गरीब परिवार से आते थे। गांव में स्थित उनके परिवार के आर्थिक हालात ठीक नहीं है। उनका घर आज भी जीर्णशीर्ण अवस्था में है। घर में पिता मौलेश्वर सिंह, मां जयंती देवी, पत्नी शिल्पी कुमारी, बड़े भाई जीवन कुमार और छोटे भाई अभिनंदन हैं। पति के शहादत की खबर मिलते ही शिल्पी बेहोश हो गईं। उनकी शादी एक महीने पहले ही हुई थी। 

जम्मू-कश्मीर के पूंछ जिले में आतंकियों ने सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया। हथियारों से लैस आतंकियों ने सेना के जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में सेना के कुल पांच जवान शहीद हुए और दो अन्य घायल हैं। घायल जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत भी गंभीर है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें