Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Murder in Jehanabad petrol pump manager shot dead Panic in area police engaged in investigation

जहानाबाद में मर्डर, पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या; इलाके में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

बिहार के जहानाबाद जिले में पेट्रोल पंप मैनेजर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

हिन्दुस्तान जहानाबादWed, 20 March 2024 12:58 PM
share Share

बिहार के जहानाबाद जिले में मंगलवार की रात पोट्रोल पंप मैनेजर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजेश कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। घटनास्थल से मृतक राजेश कुमार के घर से मात्र 200 मीटर दूर है। बताया गया है कि इंडियन आयल के भास्कर पेट्रोल पंप पर मंगलवार की रात 8:41 बजे हिसाब किताब करने के बाद वह अपने घर के लिए बाइक से लौट चला था। लेकिन, पंप से मात्र 100 मीटर दूर जाने के बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। 

मौसम खराब होने के कारण लोगों ने समझा कि बादल कड़क रहा है। मृतक के गांव के लोग गोली की आवाज सुने लेकिन समझे कि सड़क पर टायर फटी है। परिवार के लोग समझ रहे थे कि वह पेट्रोल पंप पर काम कर रहा है। इधर घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। गोली मृतक के सर में मारी गई थी। सड़क के किनारे बाइक पड़ी थी तथा वह बाइक के नीचे गिरा हुआ था। मध्य रात्रि को करपी पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी जब उस रास्ते से गुजरी तो सड़क के किनारे गिरे युवक को उठाया तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करपी पहुंचाया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष उमेश राम ने मृतक के घर पहुंच कर इस घटना की सूचना दी। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर होने के बाद जख्मी मैनेजर को सदर अस्पताल अरवल ले जाया गया जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजन जख्मी को एम्स हॉस्पिटल पटना ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रारंभ में इसे सड़क दुर्घटना मान रही थी। लेकिन एम्स हॉस्पिटल में चिकित्सकों ने बताया कि गोली मारी गई है। 

इधर, मृतक के मामा जवाहर राम ने बताया कि मैं अपने भांजा के साथ पेट्रोल पंप पर मौजूद था। घटना से कुछ समय पहले भांजा ने कहा कि मौसम खराब है आप घर जाइए। मैं भी घर आ रहा हूं। भांजा के कहने पर मामा घर चले आए। इसी बीच यह घटना घटी। इन्होंने भी गोली की आवाज सुनी, लेकिन समझा कि सड़क पर टायर फटा है।

वहीं पेट्रोल पंप पर काम करने वाले नोजल मैन सुरेंद्र कुमार एवं विकास कुमार ने बताया कि मंगलवार रात 8:39 पर पंप का हिसाब किताब करने के बाद घर जाने के लिए गाड़ी से निकले थे। लेकिन, पुन: 8:40 पर वापस पेट्रोल पंप पर लौटे। एक मिनट रुकने के बाद वापस पुन: घर की तरफ चले गए। पंप बंद कर हम लोग सोने चले गए थे। करपी थाना अध्यक्ष के द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। एफएसएल एवं डॉग स्कवायड की टीम ने देर शाम करपी पहुंचकर घटनास्थल की जांच की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें