Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Katihar bride returns liquor drunken groom baaraat It took 12 hours to reach 70 KM from Bhagalpur

शराबबंदी वाले बिहार में दारू ने तोड़ी शादी, 12 घंटे में 70 KM आई बारात को दुल्हन ने हर्जाना वसूलकर लौटाया

शराबबंदी वाले बिहार में दारू पीकर बदहवास एक और दूल्हे की बारात दुल्हन ने लौटा दी। भागलपुर से चली बारात रास्ते में लड़के का नशा उतरवाने का इलाज करवा रही थी और जब पहुंची तो सुबह के 6 बजे चुके थे।

Ritesh Verma संवाद सूत्र, कुरसेलाThu, 2 May 2024 06:27 PM
share Share

भागलपुर के सुल्तानगंज से कटिहार के कुरसेला के लिए चली बारात 12 घंटे में 70 किलोमीटर का सफर तय करके जब अगली सुबह 6 बजे पहुंची तो दुल्हन ने शादी से मना कर दिया। लड़की वालों ने बारातियों को बंधक बना लिया और पंचायती के बाद शादी खर्च के एवज में 4.50 लाख रुपए हर्जाना वसूलकर छोड़ा। दूल्हे ने रास्ते में दोस्तों के साथ बहुत ज्यादा शराब पी ली थी। नशे में बदहवास दूल्हे को शादी के लायक हालत में वापस लाने के लिए परिजनों ने बीच रास्ते नवगछिया में एक डॉक्टर के पास रात भर में ही इलाज करवाया लेकिन सुबह भी जब वो कुरसेला पहुंचा तो नशे में धुत था। लड़का भागलपुर में लोगों के आयकर, जीएसटी से जुड़े काम करवाता है।

कुरसेला प्रखंड के विवाह भवन में इसको लेकर पूरे दिन हाई वोल्टेज ड्रामा चला। लड़की पक्ष ने नशे में दूल्हे के साथ आए बाराती और परिजनों को बंधक बना लिया। शादी की तैयारियों पर खर्च राशि वापस करने के बाद लड़का और परिजनों को छोड़ा गया। लड़की पक्ष ने बताया कि सुल्तानगंज से रविवार को बारात चली थी। रात 11 बजे तक दूल्हा पक्ष जाम में फंसे होने और जल्दी आने की बात करता रहा। लेकिन दो बजे रात में पता चला कि नवगछिया के अस्पताल में दूल्हे की नशे की हालत का इलाज करवाया जा रहा है। सोमवार की सुबह छह बजे बारात पहुंची लेकिन दूल्हा तब भी नशे में था।

लड़की बीए ऑनर्स के बाद बीएड कर रही है। नशेड़ी दूल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। शादी की सारी तैयारी धरी की धरी रह गई। देखते ही देखते नशेड़ी दूल्हे की बात फैली और लोगों की भीड़ जमा हो गई। लड़के ने जो शेरवानी पहन रखी थी उससे लड़की पक्ष के लोगों ने प्रतिबंधित कफ सिरप, नशे की गोली, चाकू, फाइटर इत्यादि बरामद होने की बात बताई है।

दूल्हे की हालत रास्ते में ही बिगड़ने के बाद काफी बाराती नवगछिया से ही लौट गए थे। जो आए बंधक बना लिए गए। पूरे दिन इसको लेकर इलाके में सरगर्मी रही लेकिन घटना कि खबर कुरसेला पुलिस को नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने शादी खर्च वापस दिलवाकर मामले का निपटारा कर दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें