बिहार में बेलगाम डेंगू बुखार, इस महीने मिले सबसे ज्यादा मरीज; पिछले साल का रिकॉर्ड टूटेगा
पिछले पांच सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक अक्टूबर महीने में ही डेंगू के मरीज मिलते रहे हैं। 2022 में सर्वाधिक 7605 केस इस महीने मिले थे, इस साल यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

Dengue in Bihar: बिहार में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। इस साल के तमाम महीनों की तुलना में अक्टूबर में सबसे अधिक डेंगू के मरीज मिले हैं। 24 अक्टूबर तक राज्य में 6869 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। जबकि पिछले महीने 6460 मरीज ही मिले थे। सितंबर में हर रोज औसतन 215 मरीज पाए गए, जबकि अक्टूबर में यह औसत आकंड़ा बढ़कर 286 हो गया है। अगर केस बढ़ने की रफ्तार ये ही रही, तो पिछले साल का रिकॉर्ड भी टूट जाएगा।
बिहार में इस साल डेंगू के जनवरी में मात्र 10 तो फरवरी में 3 मरीज मिले। मार्च में एक भी मरीज नहीं मिला, तो अप्रैल में 4, मई में 9, जून में 6 और जुलाई में 12 मरीज ही मिले। अगस्त महीने से डेंगू बुखार की रफ्तार बढ़ी और उस महीने 231 मरीज पाए गए। इसके बाद सितंबर में डेंगू बेलगाम हो गया और कुल 6460 केस मिले। सितंबर में मरीज मिलने का रोजाना औसत 215 रहा। अक्टूबर में बढ़कर यह 286 हो चुका है।
अब तक 13604 केस, 2022 का रिकॉर्ड टूटेगा?
पिछले पांच सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक अक्टूबर महीने में ही डेंगू के मरीज मिलते रहे हैं। साल 2019 में 6667 डेंगू मरीज मिले थे, उस साल अक्टूबर में सर्वाधिक 3647 केस थे। 2020 में सबसे कम 493 मरीज ही मिले थे, लेकिन उस साल सबसे अधिक नवम्बर में 371 मरीज पाए गए थे। साल 2021 में 633 डेंगू के मरीज मिले थे। उस वर्ष सबसे अधिक अक्टूबर में ही 251 मरीज मिले।
वहीं, 2022 में बिहार के अंदर रिकॉर्ड 13,972 डेंगू के मरीज पाए गए। इसमें सबसे अधिक अक्टूबर में ही 7605 मरीज मिले थे। इस साल राज्य में अब तक 13,604 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। इसमें 24 अक्टूबर तक ही 6869 का आंकड़ा पार हो गया है। डेंगू फैलने की रफ्तार को देखते हुए यह लग रहा है कि पिछले साल का 7605 का रिकॉर्ड भी इस बार टूट जाएगा। साथ ही एक-दो दिनों में पिछले साल मिले मरीजों का रिकॉर्ड भी ध्वस्त हो जाएगा।
24 घंटे में मिले 123 नए मरीज
बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में डेंगू के 123 नए मरीज मिले हैं। इस दौरान गया में 15, भागलपुर-मुंगेर में 14-14, नवादा में 12 और सारण में 11 मरीज मिले। राज्य के 12 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 241 मरीज भर्ती हैं। भागलपुर मेडिकल कॉलेज में 63 मरीज भर्ती हैं। पटना में तीन दिनों में डेंगू के 225 नए मरीज पाए गए। इनमें सोमवार को 60, मंगलवार को 155 और बुधवार को 10 पीड़ित मिले। अब कुल मरीजों की संख्या 5554 हो गई है। जिला संक्रामक रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद ने बताया कि छुट्टी के कारण जांच की संख्या घटी है।