Hindi Newsबिहार न्यूज़Bihar weather Severe cold in 15 cities including Patna dense fog in Gaya rain in valmiki nagar

Bihar weather: पटना सहित 15 शहरों में कड़ाके की ठंड, गया में घना कोहरा; बाल्मीकि नगर में बारिश

बिहार का सबसे ठंडा शहर 4.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ गया और 20 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ मोतिहारी सबसे गर्म शहर रहा। पटना और गया में घना कोहरा भी छाया रहा।

Malay Ojha हिन्दुस्तान, पटनाMon, 22 Jan 2024 02:32 PM
share Share

पटना सहित प्रदेश के 15 शहर सोमवार को भीषण शीत दिवस और शीत दिवस की चपेट में रहे। वहीं सूबे के 24 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया गया। इसी वजह से लोगों को सुबह और शाम के वक्त हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड का एहसास हुआ। इस सीजन में पहली बार सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते शीतलहर जैसे हालात रहे। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 4.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ गया और 20 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ मोतिहारी सबसे गर्म शहर रहा। पटना और गया में घना कोहरा भी छाया रहा। वहीं पश्चिम चंपारण के बाल्मीकि नगर में हल्के से मध्य स्तर की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कुछ शहरों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। कोहरा भी छाए रहने की संभावना है। 

ये शहर रहें शीतदिवस की चपेट में 
पटना, दरभंगा, फारबिसगंज, मोतिहारी, जमुई, वैशाली, पूसा, अगवानपुर भीषण शीत दिवस और गया, भागलपुर, छपरा, बक्सर, औरंगाबाद, नवादा, कैमूर शीत दिवस की चपेट में रहें।

4.9 डिग्री तक गिरा न्यूनतम तापमान
सोमवार को गया के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 4.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। वहीं पटना, कैमूर, औरंगाबाद के न्यूनतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा शेखपुरा में 3.9 जबकि वैशाली व बक्सर के न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट आई। इसके अलावा अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री से कम की गिरावट आई।

दिन में धूप निकलने से शहरवासियों को मिली राहत
सीजन में पहली बार पटना का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण शाम और सुबह में लोगों को शीतलहर जैसा एहसास हुआ। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि होने से शहर वासियों ने काफी राहत महसूस की। पटना में पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच शह और मात का खेल जारी है। किसी दिन अधिकतम तापमान में वृद्धि होती है, तो कभी न्यूनतम तापमान में। वहीं कभी न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है, तो कभी अधिकतम तापमान चढ़ता है। सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक की वृद्धि
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के 26 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। इस दौरान मोतिहारी में सबसे अधिक 7.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं पटना के अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। इसके अलावा बाल्मीकि नगर में 6.7, गोपालगंज में 5.1, पूसा व सुपौल में 4.5, दरभंगा में 4.2, अगवानपुर 5.8, फारबिसगंज व किशनगंज में 5, मुजफ्फरपुर में 3.8, भागलपुर में 0.6, गया में 0.8, पूर्णिया में 3.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें