Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़bihar crime news csp operator murdered and looted two lakh and thirty thousand rupees in tajpur samastipur

समस्‍तीपुर में सीएसपी संचालक को गोलियों से छलनी कर 2.30 लाख लूटे, ग्रामीणों ने किया बवाल

बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर-हलई रोड में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक को गोलियों से छलनी कर दिया। इसके बाद सीएसपी संचालक के दो लाख तीस हजार रुपए...

Malay Ojha समस्तीपुर हिन्दुस्तान टीम, Fri, 9 Oct 2020 07:03 PM
share Share

बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर-हलई रोड में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक को गोलियों से छलनी कर दिया। इसके बाद सीएसपी संचालक के दो लाख तीस हजार रुपए लूटकर चलते बने। घटना रामापुर महेशपुर गांव के बलुआही पोखर के समीप हुई। मौके पर पुलिस के विलंब से पहुंचने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए ताजपुर अस्पताल परिसर में पहले हंगामा किया। उसके बाद शव को एनएच-28 के कोल्ड स्टोरेज चौक पर रख कर जाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सीएसपी संचालक ताजपुर थाना क्षेत्र के सोंगर (मोरवा) गांव के मिथिलेश गिरि के पुत्र जितेंद्र गिरि (32) के रूप में की गयी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालक जितेंद्र गिरि शुक्रवार अपराह्न बाद ताजपुर स्थित सिंडिकेट बैंक से रुपए निकाल बाइक से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान लुटेरे जितेंद्र का बाइक से पीछा करने लगे। करीब पौने पांच बजे वे जैसे ही रामापुर-महेशपुर गांव के बलुआही पोखर के समीप पहुंचे बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि बदमाशों ने करीब आधा दर्जन गोलियां चलायी हैं। जिससे गोली लगते ही जितेन्द्र गिर गये। उसके बाद बदमाश उसके पास के रुपये लूट कर फरार हो गये। सीएसपी संचालक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने चार गोलियां मारी हैं। दो गोलियां पैर व दो गले में लगी है।

अस्पताल ले गए लोग
गोली की आवाज सुनने के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सीएसपी संचालक को ताजपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां देखने के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करने के बाद शव को स्थानीय कोल्ड स्टोरेज चौक ले जाकर एनएच-28 जाम कर दिया। ताजपुर थाना अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है। आक्रोशित लोग मृतक के परिजन के लिए सरकारी नौकरी, मुआवजा की मांग कर रहे थे। प्रशासनिक अधिकारी परिजनों व ग्रामीणों से बात कर रहे हैं। देर शाम मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ रवीन्द्र कुमार दिवाकर ने परिजनों को आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।

पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव, नहीं उठाने दिया शव
देर रात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन देकर जाम समाप्त करा शव उठाने की प्रक्रिया कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसपर पुलिस बलों ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया। जानकारी के अनुसार शव उठाने के लिए पुलिस कागजी प्रक्रिया कर रही थी। इसी दौरान सीएसपी संचालक के गांव से काफी संख्या में लोग पहुंचे और हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। जाम स्थल पर मौजूद बंगरा, ताजपुर के पुलिस अधिकारी के मुताबिक लोग ईंट, रोड़े, डंडे से लैस थे और पुलिस पर पथराव करने लगे। बचाव में पुलिस बल ने पथराव कर रहे लोगों को हल्का बल प्रयोग करते हुए दूर तक खदेड़ दिया। देर रात खबर लिखे जाने तक शव को हटाने की कोशिशें जारी थी।

बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुट गई है। जल्द उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-प्रीतिश कुमार, डीएसपी, समस्तीपुर।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें