जदयू का बूथ स्तर तक सशक्त अभियान
सीतामढ़ी में बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) की बैठक में नीतीश मिशन 2025 की तैयारी की गई। बैठक में बूथ स्तर पर 10 सदस्यीय कमेटी गठन का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा ने...

सीतामढ़ी। बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा फिर से नीतीश मिशन 2025 की तैयारी जोरों पर है। इसी क्रम में जिला संगठन प्रभारी, विधानसभा प्रभारी एवं प्रखंड अध्यक्षों की बैठक जिला अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से 28 अप्रैल 2025 तक प्रत्येक बूथ पर 10 सदस्यीय कमेटी गठन का अंतिम प्रारुप तय किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बीते 20 वर्षों से बिहार में सुशासन, विकास और रोजगार केंद्रित सरकार का संचालन संभव हो सका है, और इसमें कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता की अहम भूमिका रही है। उन्होंने समस्त पदाधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर बूथ कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला संगठन प्रभारी हरिद्वार राय पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दो-तीन दिनों के भीतर बूथ स्तरीय कमेटियों का गठन पूर्ण करना हमारा लक्ष्य है। बैठक के दौरान विगत 24 अप्रैल को आयोजित प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम की सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष ने आभार एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण ही ऐसे बड़े कार्यक्रमों का सफलता पूर्वक संचालन संभव हो पाता है।
बैठक के अंत में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई दर्दनाक त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। मृत आत्माओं की शांति हेतु प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक को संबोधित करने वालों में विधानसभा प्रभारी विद्यानंद सिंह, प्रो. शब्बीर अहमद, कविंद्र कुशवाहा, कुणाल पटेल, रामेश्वर साहनी, चंद्रशेखर सिंह, उत्तम पांडे, मुख्यालय प्रभारी विजय कुमार पटेल आदि प्रमुख रुप से थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।