Hindi Newsबिहार न्यूज़PM Modi expressed grief over the demise of Sharda Sinha described it as an irreparable loss for the music world

शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख, संगीत जगत के लिए बताई अपूरणीय क्षति

मशहूर लोक गायिका पद्म भूषण शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही कहा कि आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी।

sandeep लाइव हिन्दुस्तान, पटनाTue, 5 Nov 2024 11:33 PM
share Share
Follow Us on
शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख, संगीत जगत के लिए बताई अपूरणीय क्षति

बिहार कोकिला के नाम से मशहूर लोक गायिका पद्म भूषण शारदा सिन्हा का मंगलवार की रात दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उनके बेटे अंशुमान सिन्हा ने भी इसकी पुष्टि की है। 72 वर्षीय लोक गायिका पिछले दो सप्ताह से एम्स में भर्ती थीं। शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताई है।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!

आपको बता दें सोमवार (4 नवंबर) को उनका ऑक्सीजन स्तर गिरने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर ले जाया गया था। चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी में जुटे थे, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। छठी मईया को अपने गीतों के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाने वालीं लोक गायिका का छठ पर्व के दौरान ही निधन ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सभी प्रमुख राजनेताओं और कला-संस्कृति जगत की हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिन में अंशुमान सिन्हा से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पीएम ने शारदा सिन्हा के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। अंशुमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो के माध्यम से बताया था कि प्रधानमंत्री ने एम्स के निदेशक से भी बात की है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें