अगले बजट में बिहार के किसानों को और राशि दी जाएगी : शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगले बजट में बिहार के किसानों के लिए और राशि दी जाएगी। उन्होंने बिहार की कृषि योजनाओं की तारीफ की और कहा कि राज्य ने दी गई राशि का सदुपयोग किया है।...

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगले बजट में बिहार के किसान के लिए और राशि दी जाएगी। बिहार ने दी गयी राशि का सदुपयोग किया है। ऐसे में हम बिहार को और अधिक पैसा देंगे। केन्द्रीय मंत्री शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसके पहले उन्होंने कृषि भवन में कृषि योजनाओं की समीक्षा की। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने तीसरी बार बिहार के कृषि प्रक्षेत्र की समीक्षा की है। इसके पहले बिहार के कृषि मंत्री मंगल पांडेय के साथ दिल्ली में भी उन्होंने बैठक की थी। कृषि उन्नति योजना में बिहार को पहले कम पैसे मिलते थे, अब ऐसा नहीं है। बिहार ने अपने बजट का सही उपयोग किया है। अब इसे अधिक पैसे मिलेंगे।
केन्द्रीय मंत्री ने बिहार के कृषि रोड मैप की जमकर तारीफ की। कहा कि इसके कारण बिहार ने कृषि क्षेत्र में काफी तेजी से प्रगति और विकास किया है। राज्य में कृषि प्रक्षेत्र की तस्वीर बदल गयी है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि मसूर, अरहर जितना किसान उपजाएंगे और बेचना चाहेंगे, केन्द्र सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उसकी खरीद करेगी।
बिहार में बनेगा कृषि उत्पाद को लिए बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस:
कृषि मंत्री ने कहा- बिहार में मखाना, मशरूम, शहद, केला, लीची की अच्छी पैदावार होती है। इनके लिए अभी और रिसर्च की जरूरत है। बिहार ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मांग की है। केन्द्र सरकार उस पर गंभीरता से विचार करेगा और फिर इसका निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भागलपुर आएंगे। वहां वे किसान सम्मान निधि का वितरण करेंगे। इसके अलावा वे कई अन्य योजनाओं का कार्यान्वयन भी करेंगे।
कृषि प्रक्षेत्र में बिहार की तीन बड़ी ताकत:
श्री चौहान ने कहा कि कृषि प्रक्षेत्र में बिहार की तीन बड़ी ताकत है। सबसे पहला तो उसकी उपजाऊ मिट्टी, फिर मेहनती किसान और तीसरा गंभीर सरकार। ये तीनों चमत्कारी परिणाम दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अद्भुत काम किया है।
पीएम के कार्यक्रम को लेकर की समीक्षा:
केन्द्रीय मंत्री ने 24 फरवरी को प्रधानमंत्री के भागलपुर दौरे को लेकर वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की। बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कृषि मंत्री मंगल पांडेय मौजूद थे। दरअसल, खराब मौसम के कारण शिवराज सिंह चौहान भागलपुर नहीं जा सके। पटना से सीधे समस्तीपुर गए, जहां कर्पूरी जयंती कार्यक्रम मे शामिल हुए। वहां से भागलपुर नहीं जा सके। लगभग 1 घंटा रुकने के बाद पटना वापस लौट गए। उनके साथ केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी भी थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।