बारात निकलने से पहले पड़ोसी की हत्या, भतीजे के चक्कर में दूल्हे की शादी टल गई
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के बंजरिया में शादी से एक दिन पहले दूल्हे के भतीजे का गांव के एक युवक से झगड़ा हो गया। इस चक्कर में पड़ोस के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मर्डर के बाद दूल्हे के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए और शादी टल गई।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शादी वाले माहौल में एक युवक की हत्या कर दी गई। इस वजह से बारात निकलने से पहले ही शादी टल गई और दूल्हे के घर वाले फरार हो गए। यह मामला बंजरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पचरुखा मध्य पंचायत के महमदपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि दूल्हे के भतीजे का गांव के एक युवक से विवाद हो गया था। आवेश में आकर उसने पड़ोस में रहने वाले युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसकी मां को भी घायल कर दिया। जहां एक तरफ बारात निकलने वाली थी, वहीं मर्डर होने के बाद दूल्हे के घर वाले भाग गए।
मृतक की पहचान इमरान के रूप में हुई है। वह मुंबई में रहकर स्टील का काम करता था और बकरीद पर घर आया था। हत्या का आरोप उसके पड़ोस में रहने वाले राजिक पर लगा है। बताया जा रहा है कि राजिक के चाचा रागिब की सोमवार को शादी होनी थी। बारात बंजरिया प्रखंड के जनेरवा गांव में जाने वाली थी। घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं। दुल्हन शबनम के गांव में भी शादी को लेकर जश्न का माहौल था।
शादी से एक दिन पहले रविवार को दूल्हे रागिब के भतीजे राजिक शराब के नशे में बाइक चला रहा था। तभी उसने गांव के युवक तुजार को टक्कर मार दी। दोनों के बीच झगड़ा हो गया। हाथापाई होते देख गांव के लोगों ने झगड़े को शांत करा दिया। थोड़ी देर बाद राजिक अपने परिजन और अन्य साथियों के साथ पड़ोस में रहने इमरान के यहां गया।
राजिक ने पड़ोसी इमरान के घर तुजार को खोजते हुए लाठी-डंडों और हथियार से हमला बोल दिया। उसने तुजार और इमरान के साथ मारपीट की। इस दौरान इमरान की मां नूरजहां बीच-बचाव के लिए आई तो उसे भी घायल कर दिया गया। इमरान के सिर पर डंडे से तेज प्रहार किया गया, जिससे उसकी सिर फटने से मौत हो गई।
घटना के बाद राजिक के घर वाले मौके से फरार हो गए और उसके चाचा की शादी भी टल गई। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। मृतक की मां के आवेदन पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।