Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़मुजफ्फरपुरTejashwi Yadav Advocates for Bihar s Poor Criticizes BJP s Promises

सूबे की पौने तीन करोड़ गरीब जनता के लिए प्लेटफॉर्म तैयार कर रही राजद : तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर में कहा कि राजद बिहार की गरीब जनता के लिए काम कर रहा है। उन्होंने गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से लड़ने का वादा किया। 2020 में किए गए वादों को 17 महीने में पूरा करने का दावा...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरThu, 19 Sep 2024 12:25 PM
share Share

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को पटना लौटने से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि राजद बिहार की पौने तीन करोड़ गरीब जनता के लिए प्लेटफॉर्म तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा, हम गरीबी और महंगाई को भागने के लिए लड़ रहे हैं। बेरोजगारी दूर करने का प्रयास पहले भी किया है और यह कार्य आगे जारी रहेगा।

तेजस्वी ने कहा कि वर्ष 2020 में हमारी पार्टी ने बिहार की जनता से जो वादे किए थे उन्हें सिर्फ 17 महीने के कार्यकाल में पूरा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सिर्फ ठगने का काम किया। हमारी सरकार ने सूबे के चार लाख कर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया। 17 महीने की सरकार में 10 लाख को नौकरी दी गई। तेजस्वी ने कहा, हम शुरू से जातीय जनगणना के पक्षधर रहे हैं। आरक्षण की सीमा को बढ़ाने की हमने वकालत की। भाजपा आरक्षण और जातीय जनगणना की विरोधी है।

2025 के चुनाव की तैयारी में जुटी है पार्टी :

कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद के संबंध में तेजस्वी ने कहा कि हमारा यह कार्यक्रम कई मायने में सफल है। 2025 के विधानसभा के लिए हमारी तैयारी शुरू हो गई है। संवाद में जितने भी सुझाव पंचायत स्तर के प्रतिनिधि से मिले हैं, सब पर पार्टी अमल करेगी। राजद ने अपनी विचारधारा को जमीनी स्तर पर पहुंचाया है।

जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता

तेजस्वी ने मंगलवार को शहर के खबड़ा स्थित एक होटल में कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में पांच विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इसमें नगर, कांटी, सकरा, कुढ़नी और पारू विधानसभा के पंचायत बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। इससे पहले, सोमवार को उन्होंने छह विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता से संवाद किया गया था।

संवाद के दूसरे दिन उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से अच्छा फीडबैक मिल रहा है। संवाद सकारात्मक रहा। कार्यकर्ता जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत कर पार्टी को घर-घर तक पहुंचाएं। कहा कि जातीय आधारित जनगणना जब तक पूरे देश में नहीं होगी, तब तक असल बीमारी बाहर निकलकर सामने नहीं आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण विरोधी हैं। इसलिए वह नहीं चाहती कि देश में जाति आधारित गणना हो। राष्ट्रीय जनता दल पहली ऐसी पार्टी है, जिसमें आरक्षण की नीति लागू है। कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के सभी राजद विधायक, वरीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें