बागमती का जलस्तर चार फीट घटा, चचरी पुल पर पैदल आवागमन शुरू
औराई में बागमती नदी का जलस्तर मंगलवार को चार फीट घटा। इसके बाद अतरार घाट पर चचरी पुल को मरम्मत कर पैदल आवागमन शुरू किया गया। इससे पचास हजार लोगों को राहत मिली है। बुधवार को स्थिति सामान्य रहने पर...
औराई, एसं। बागमती नदी के जलस्तर में मंगलवार सुबह से शाम तक में करीब चर फीट की कमी आई है। इसके बाद शाम में नदी की दक्षिणी उपधारा में अतरार घाट पर बने चचरी पुल को ठीक कर उससे पैदल आवागमन शुरू करा दिया गया। चचरी पुल के संचालक छोटन सहनी ने बताया कि दोपहर बाद दस मजदूरों को लगाकर शाम में अतरार घाट स्थित चचरी पुल को पैदल आवागमन के लिए चालू हो गया। इससे औराई दक्षिणी क्षेत्र के पचास हजार लोगों को आवागमन में राहत मिली है। बताया कि बुधवार को अगर स्थित सामान्य रही तो इससे बाइकों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी।
सोमवार को बागमती नदी के जलस्तर में करीब चार फीट की वृद्धि हो गई थी। जिस कारण नदी की दक्षिणी उपधारा में मधुबन प्रताप घाट पर बना चचरी पुल ध्वस्त हो गया था। वहीं, अतरार घाट पर बने चचरी पुल के भी दर्जनों बांस-बल्ले पानी में बह गए थे। चचरी पुल के फिर से चालू हो जाने से औराई दक्षिणी क्षेत्र की अतरार, अमनौर, महेशवारा, सहिलाबल्ली, सरहंचिया, डीहजीवर पंचायत के लोगों के आवागमन में सुविधा होगी। हालांकि, मधुबन प्रताप घाट पर चचरी पुल बह जाने की वजह से लोगों को नाव के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है। इधर, बागमती तटबंध पर कई जगहों पर रेनकट और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त हैं। इन जगहों पर मिट्टी भराई का कार्य आरंभ नहीं हो सका है। नदी में पानी बढ़ने पर लोगों को रिसाव के कारण परेशानी हो सकती है। इन जगहों पर मरम्मत कार्य की आवश्यकता है। अतरार के रोशन कुमार, विपिन कुमार, मुखिया सुरेश सिंह, प्रियंका कुमारी समेत कई लोगों ने बताया कि अभी तटबंध का मरम्मत कार्य नहीं हुआ तो बाढ़ आने पर परेशानी होगी। वहीं, लखनदेई नदी के टूटे तटबंध पर भी अब तक मरम्मत कार्य आरंभ नहीं हो सका है। इस कारण किसान निचले इलाके में खरीफ की फसल लगाने से परहेज कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।