अरविंद केजरीवाल को कुर्सी से नहीं, जनता से प्यार है; मुकेश सहनी का मोदी सरकार पर निशाना
- बिहार में निषाद वोट को गोलंबद करने की राजनीति कर रही विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश सहनी ने आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तारीफ की है।

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जेल से निकलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर साबित कर दिया है कि उन्हें कुर्सी से नहीं, जनता से प्यार है। बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी इस समय कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और वामपंथी दलों के महागठबंधन के साथ हैं। सहनी ने कहा कि केजरीवाल को जबर्दस्ती जेल में बंद कर रखा गया था। केजरीवाल जेल से बाहर आए और इस्तीफा भी दिया है। उन्होंने साबित कर दिया कि उन्हें कुर्सी से नही जनता से प्रेम है। सहनी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार को संविधान से कोई मतलब नहीं है। सरकार गिराना, विपक्षी नेता को जेल में डालना उनकी कार्यप्रणाली का हिस्सा है।
मुकेश सहनी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने भागलपुर के रंगरा पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों से उन्होंने मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों को पार्टी द्वारा हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से फोन पर बात की और बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कार्य में तेजी लाने की जरूरत बताई। सहनी ने कहा कि रंगरा सूखा प्रभावित क्षेत्र घोषित है जबकि पूरा इलाका बाढ़ के पानी से भरा है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग एक महीने से स्टेशन पर शरण लिए हुए हैं लेकिन मदद नहीं दी जा रही है।
वीआईपी अध्यक्ष सहनी ने मीडिया से कहा कि बिहार जमीन सर्वे की पॉलिसी सही है लेकिन इसमें रैयतों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका भी ख्याल रखा जाना चाहिए। जमीन को लेकर सभी तरह के विवादों का हल हो जाना चाहिए। उन्होंने जमीन सर्वे में अधिकारियों पर लगाम लगाने की भी मांग की जिन पर कागज तैयार करने के बदले घूस लेने जैसे भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं।