मुजफ्फरपुर में नाबालिग लड़की से 6 लोगों ने किया गैंगरेप, बगीचे में मां को बेसुध मिली बेटी
मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी में 6 लोगों ने एक नाबालिग लड़की से सामूहिक बलात्कार किया। घटना 1 मार्च की है। पीड़िता के भाई ने गुरुवार को पुलिस में केस दर्ज कराया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मनियारी थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ 6 लोगों ने गैंगरेप किया। बताया जा रहा है कि पीड़ित लड़की उसकी मां को एक बगीचे में बेसुध हालत में मिली। पीड़िता के भाई ने गुरुवार को मनियारी थाने में 6 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम एफएसएल की टीम भी पीड़िता से मिलकर घटना से जुड़े साक्ष्य लेकर जांच के लिए ले गई है। आवेदन में बताया गया है कि घटना 1 मार्च की शाम की है। घर में पीड़िता अकेली थी। वह शौच के लिए घर के पीछे गई थी। तभी 6 युवक उसे उठाकर बगीचे में ले गए और घटना को अंजाम दिया।
जब पीड़िता की मां खोजबीन करने निकली तो बेटी बगीचे में बेसुध पड़ी मिली। घर में कोई पुरुष नहीं था, जिसके कारण उस दिन मामला दर्ज नहीं हो पाया। सभी आरोपी एक ही गांव के बताए जा रहे हैं।
पूर्णिया में 13 साल की लड़की से रेप
जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र में 13 साल की एक नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। परिजन ने पुलिस को बताया कि पीड़िता बुधवार शाम को अपने घर के आंगन में खाना बना रही थी। उस समय वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक शख्स वहां पहुंचा और उसके मुंह में कपड़ा डालकर उसे जबरन उठा लगे गया। फिर मक्का के खेत में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
जब परिवार के लोग घर आए तो देखा कि चूल्हे पर खाना चढ़ा हुआ है और उसकी आग भी बुझ चुकी है। इसके बाद परिजन लड़की की खोजबीन में जुट गए। काफी तलाश करने के बाद पीड़िता खेत में बेहोशी की हालत में मिली। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।