गूगल मैप नहीं इस ऐप पर मिलेगी बिहार में ट्रैफिक की सही जानकारी, पुलिस-पब्लिक खुद भी कर सकते हैं लाइव अपडेट
अब बिहार के सभी जिलों में मंगलवार से यातायात से जुड़ी लाइव अपडेट 'मैप माई इंडिया' एप मिलेगी। ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं जैसे जर्जर पुल-पुलिया, जाम, धरना, ब्लैकस्पॉट और खतरनाक मोड़ की जानकारी एप के जरिए मुफ्त में मिलेगी।

बिहार के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। अब आप अगर बिहार के किसी जिले में किसी सड़क पर ट्रैफिक के बारे में जानकारी चाहते हैं तो यह आपको मोबाइल पर ही उपलब्ध हो जाएगा। आप इससे जुड़े लाइव अपडेट सीधे अपने मोबाइल फोन पर देख सकते हैं। इस तरह की सुविधा देने वाला बिहार देश का चौथा राज्य बन गया है। अब बिहार के सभी जिलों में मंगलवार से यातायात से जुड़ी लाइव अपडेट 'मैप माई इंडिया' एप मिलेगी। ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं जैसे जर्जर पुल-पुलिया, जाम, धरना, ब्लैकस्पॉट और खतरनाक मोड़ की जानकारी एप के जरिए मुफ्त में मिलेगी।
पिछले एक सप्ताह से इस सुविधा का ट्रायल रन किया जा रहा था। बिहार के ट्रैफिक एडीजी सुधांशु कुमार और मैप माई इंडिया के वाइस प्रेसीडेंट मार्केटिंग सैयद अली इमाम रिजवी के बीच पिछले दिनों एक समझौता पत्र साइन हुआ था। यह सुविधा उपलब्ध कराने वाला बिहार चौथा राज्य बन जाएगा। एप पर तीन माध्यमों से यातायात से जुड़ी सूचनाएं अपडेट की जाएंगी।
क्या है खासियत
कंपनी के बेस मैप पर तो पहले से कई जानकारियां होंगी ही, पुलिस की टीम भी जानकारियां अपडेट करेगी। इसके लिए जिलास्तर पर वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है। इसके अलावा आम जनता भी एप पर तस्वीर के माध्यम से दुर्घटना या जाम जैसी जानकारी अपडेट कर सकेगी।