Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़leopard enter in a house balcony in east champaran bihar

बालकनी में घुस आया तेंदु्आ, लोगों ने खुद को घर में किया कैद; बिहार के इस गांव में दहशत

आशंका है कि गांव की बांसवारी में तेंदुआ छिपा हुआ है। गांव की पानकली देवी ने बताया कि बुधवार करीब 11 बजे नीरज दुबे के घर के उत्तर में स्थित बांसवारी के पास झाड़ी में तेंदुआ को देखा। अनहोनी की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं।

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, पूर्वी चंपारणThu, 12 Sep 2024 01:13 AM
share Share

बिहार के एक गांव में तेंदुए के देखे जाने के बाद से दहशत है। पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर प्रखंड के इस गांव में लोग खौफ में हैं। बताया जा रहा है कि प्रखंड की उत्तरी मधुबनी पंचायत वार्ड तीन के दरियापुर गांव में तेंदुआ घुस गया है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम बुधवार को गांव पहुंचकर पगमार्क से तेंदुए की तलाश में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार देर शाम गांव के मोनाफ खान के बरामदे पर तेंदुआ चढ़ गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने खुद को घर में बंद कर लिया।

उनके शोर मचाने पर लाठी-भाला से लैस दर्जनों ग्रामीणों ने उसे खदेड़ दिया। आशंका है कि गांव की बांसवारी में तेंदुआ छिपा हुआ है। गांव की पानकली देवी ने बताया कि बुधवार करीब 11 बजे नीरज दुबे के घर के उत्तर में स्थित बांसवारी के पास झाड़ी में तेंदुआ को देखा। अनहोनी की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं। उतरी मधुबनी पंचायत पंसस सह ग्रामीण नुसरत फातमा, बबलू खान, प्यारे खान आदि ने बताया कि रात में ग्रामीणों ने एकजुट होकर तेंदुआ को भगाया।

वन विभाग के उप परिसर पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घास पर पदचिह्न होने से पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है। वन विभाग को अभी जानवर नहीं दिखा है। मुखिया संघ प्रखण्ड अध्यक्ष रवि सिंह ने वन विभाग से जानवर को जल्द पकड़ने की मांग की है। डीएफओ राजकुमार शर्मा ने बताया कि मौके पर टीम को भेजा गया है। ग्रामीणों ने उन्हें एक फोटो उपलब्ध कराया है। फोटो धुंधली है। पगमार्क से जानवर की पहचान की जा रही है। लोगों को अकेले नहीं निकलने की सलाह दी गई है। अगर तेंदुआ होगा तो वह अकेले में हमला कर सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें