ये काम उन लोगों का है, हम नहीं करते; मोकामा गोलीकांड पर ललन सिंह विपक्ष पर बरसे
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मोकामा गैंगवार के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह हमारा काम नहीं है, उन लोगों यानी विपक्ष का काम है। हम ये काम नहीं करते हैं।

बिहार के पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू के बीच हुए गैंगवार पर सियासी पारा गर्माया हुआ है। केंद्रीय मंत्री एनं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने मोकामा गोलीकांड के मुद्दे पर कहा कि यह काम उन लोगों का है। यह काम विपक्ष के लोग करते हैं, हम नहीं करते हैं। बता दें कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र मुंगेर लोकसभा में आता है, जहां से ललन सिंह सांसद हैं।
ललन सिंह ने सोमवार को पटना में मीडिया से बातचीत में विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार किया। तेजस्वी द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य पर सवाल उठाए जाने पर ललन सिंह ने कहा कि सीएम थके नहीं हैं। नीतीश कुमार 20 साल शासन करने के बाद भी अभी जिला-जिला का दौरा कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने तेजस्वी यादव को अपना काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि ये लोग सिर्फ बात बनाने वाले हैं, जबकि नीतीश कुमार काम करते हैं।
बता दें कि मोकामा के नौरांग-जलालपुर गांव में बुधवार को अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच कई राउंड फायरिंग हुई थी। इस दौरान अनंत सिंह का एक समर्थक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में कुल चार एफआईआर दर्ज की। इसके बाद सोनू सिंह और अनंत सिंह के एक समर्थक को गिरफ्तार किया गया। बाद में पूर्व विधायक अनंत सिंह ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया था, जहां से उन्हें पटना के बेऊर जेल भेज दिया गया।