पहली बीवी के मर्डर में जेल गया पति, दूसरी को भी मौत के घाट उतारा, तीसरी मायके भागी
पूर्णिया जिले के जलालगढ़ में एक शख्स ने अपनी दूसरी बीवी की हत्या कर दी। आरोपी पति घर से फरार है। वह अपनी पहली बीवी के मर्डर केस में जेल भी जा चुका है। उसकी तीसरी बीवी घर छोड़कर मायके चली गई है।

बिहार के पूर्णिया जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शख्स ने अपनी पहली बीवी का मर्डर किया। उसकी हत्या के आरोप में वह जेल भी गया। अब उसने अपनी दूसरी बीवी को भी मौत के घाट उतार दिया है। उसकी हत्या के बाद से वह घर से फरार है। बताया जा रहा है कि आरोपी मुजफ्फर की तीन बीवियां हैं। दो पत्नियों की हत्या होने के बाद उसकी तीसरी बीवी अपने मायके चली गई है। वारदात जलालगढ़ प्रखंड की है।
जानकारी के अनुसार पिपरपांती नहर टोला में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव मिला। उसकी पहचान 35 वर्षीय फुगिया खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह उसी गांव के रहने वाले मुजफ्फर की बीवी थी। मृतका के भाई खुशरूद्दीन ने फुगिया के शौहर पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने भी प्रथमदृष्ट्या माना है कि महिला की हत्या की गई है। शव का पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतका के परिजन का कहना है कि गुरुवार को आरोपी मुजप्फरपुर कहीं बाहर से अपने घर आया था। वह अपनी पहली पत्नी को पूर्व में मार चुका है। उसकी हत्या के आरोप में वह जेल भी जा चुका था। दूसरी बीवी से उसने तीन साल पहले शादी की थी। उसकी हत्या के बाद से वह फरार है।
आरोपी मूलरूप से जलालगढ़ के पोड़ा गांव का रहने वाला है। चार साल पहले ही वह इस जगह पर आया और घर बनाकर रहने लगा। घर के एक कमरे में फुगिया रहती थी, तो दूसरे कमरे में आरोपी की तीसरी बीवी सबीना रहती थी। सबीना अपने मायके चली गई है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी को उसके पति ने रिश्तेदार के घर भेज दिया था। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।