Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Grandparents and uncles killed minor to avoid her inter-caste marriage in aurangabad district bihar

दूसरी जाति के लड़के से शादी पर अड़ी थी, दादा-दादी ने 14 साल की पोती को मार डाला; मर्डर केस में प्रेमी को फंसाया

मृतक लड़की अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखती थी। विवेक चौहान के साथ लड़की का लव अफेयर था। जांच टीम को यह भी जानकारी मिली कि दोनों भाग कर शादी करने की योजना बना रहे हैं लेकिन इसकी जानकारी लड़की के घरवालों को मिल गई।

Nishant Nandan हिन्दुस्तान टाइम्स, औरंगाबाद, प्रसून के मिश्राTue, 27 Aug 2024 07:18 AM
share Share

बिहार में दूसरी जाति के लड़के से शादी करने की जिद पर अड़ी नाबालिग लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। गंभीर बात यह भी है कि 14 साल की इस लड़की की हत्या का आरोप उसकी दादा-दादी और दो चाचा पर लगा है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला औरंगाबाद का है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों ने लड़की की हत्या की और उसके प्रेमी तथा उसके रिश्तेदारों को इस मर्डर में फंसा दिया ताकि जुर्म पर पर्दा डाला जा सके।

दरअसल शुक्रवार को नबीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुथर्वा गांव के एक तालाब में लड़की का शव मिला था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक स्वपन गौतम मेश्राम ने सब-डिवीजनल पुलिस ऑफिसर संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर मामले की जांच के आदेश दिए थे। लड़की की दादी भगमनिया देवी ने शिवसागर के रहने वाले विवेक चौहान, उसके भाई अशोक चौहान तथा पुथर्वा की रहने वाली उनकी चाची उर्मिला देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1), 238 और 3(5) के तहत केस दर्ज करवाया था। इसके अलावा पॉक्सो तथा एससी/एसटी ऐक्ट के तहत भी इस मामले में केस दर्ज करवाया गया था।

इस मामले के मुख्य आरोपी विवेक चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्य और लड़की के परिजनों के व्यवहार पर SIT को शक हुआ तो उन्होंने इस मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी। वैज्ञानिक तरीके से जांच और गवाहों के बयान से हेट किलिंग की कहानी का खुलासा हुआ है। 

मृतक लड़की अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखती थी। विवेक चौहान के साथ लड़की का लव अफेयर था। जांच टीम को यह भी जानकारी मिली कि दोनों भाग कर शादी करने की योजना बना रहे हैं लेकिन इसकी जानकारी लड़की के घरवालों को मिल गई।

पुलिस ने कहा कि लड़की अपने प्रेमी को छोड़ने पर राजी नहीं थी और शादी की बात पर भी अड़ी हुई थी। इसके बाद लड़की के दादा और उसके दो चाचाओं ने मिलकर लड़की की हत्या का प्लान बनाया। गुरुवार की रात जब लड़की सो रही थी तब उन्होंने लड़की की गला दबा कर हत्या कर दी और शव को गांव के ही तालाब में फेंक दिया।

एसडीपीओ ने बताया कि मृतक लड़की के दादा घूरा पासवान और दादी भटगमिता देवी था उसके चाचा राहुल कुमार और रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी ने परिवार को बचाने के लिए लड़की की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। सभी को जेल भेज दिया गया है। जब पहले से गिरफ्तार विवेक चौहान के बारे में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विवेक चौहान पर पॉक्सो ऐक्ट के तहत केस चलेगा हत्या के लिए नहीं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें