मुसलमानों की बढ़ती आबादी से सनातन खतरे में, हिंदू बंटेंगे तो कटेंगे : गिरिराज सिंह
अरवल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि मुसलमानों के गांव में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं। हिंदुओं को एकजुट रहना होगा। अगर हिंदू बंटेंगे तो कटेंगे।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश में मुसलमानों की बढ़ती आबादी को सनातनियों के लिए खतरा बताया है। उन्होंने हिंदुओं को एकजुट रहने की सलाह देते हुए कहा कि हिंदू बंटेंगे तो कटेंगे। उन्होंने दावा किया कि हिंदुओं के गांव में मुस्लिम पूरी तरह से सुरक्षित हैं, जबकि मुसलमानों के गांवों में हिंदू सुरक्षित नहीं है। बिहार के अरवल में शनिवार को आयोजित पूर्व राज्यपाल दिवंगत कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ये बातें कहीं। इससे पहले भी वे कई बार हिंदू-मुसलमान के मुद्दे पर बयानबाजी कर चुके हैं।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि वह हिंदुओं को एकजुट करने के लिए अभियान चला रहे हैं। सभी हिंदू एकजुट होकर एनडीए को मजबूत बनाएं। उन्होंने बिहार की चार सीटों पर हो रहे उपचुनाव पर बोलते हुए कहा कि राज्य ही नहीं बल्कि देश भर के सभी उपचुनाव में एनडीए की जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है। एनडीए सरकार के विकास कार्य देखकर विपक्ष के होश उड़े हुए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह हिंदू-मुस्लिम नहीं करते हैं। वे मुस्लिम के विकास के लिए लगातार सोचते हैं।
गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हमने कभी ताजिया पर ढेला (पत्थर) नहीं मारा, लेकिन हमारे रामनवमी जुलूस, लक्ष्मी पूजा जुलूस, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर कुछ लोग ढेला फेंक रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए हमें कुछ भी करना होगा, तो हम करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि आरजेडी के शासनकाल में पूरे बिहार में अराजकता की स्थिति थी। 20 साल पहले के युवा बिहार में सुरक्षित नहीं रहते थे। शाम में लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। लेकिन एनडीए के शासनकाल में सभी लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सभी का विकास समान रूप से किया जा रहा है।
कैलाशपति मिश्र का संपूर्ण जीवन पार्टी के लिए था समर्पित : गिरिराज
बिहार भाजपा के भीष्मपितामह और पूर्व राज्यपाल स्व. कैलाशपति मिश्रा की पुण्यतिथि पर जनसंघ से पार्टी की सेवा जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर कैलाशपति मिश्र के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गिरिराज ने कहा कि कैलाशपति मिश्र ऐसी विभूति थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन पार्टी के लिए समर्पित कर दिया। उनका पूरा जीवन संगठन के लिए समर्पित रहा। जीते जी उन्होंने अपने उसूलों से कभी भी समझौता नहीं किया। प्रतिकूल राजनीतिक परिस्थिति में भी उन्होंने जनसंघ व भाजपा को संबल बनाया। आज इन्हीं मनीषियों के त्याग व तप के बल पर भाजपा न केवल देश में बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनी है।