मटिहानी में बढ़ेगी किसकी मुश्किल? बोगो सिंह ने कर दिया चुनाव लड़ने का ऐलान
- बेगूसराय की मटिहानी सीट से लगातार चार बार विधायक रहे नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह ने 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। 2020 में 333 वोट से बोगो को हराने वाले लोजपा के राज कुमार सिंह अब खुद जदयू में हैं।

बिहार में 2020 के विधानसभा चुनाव में सबसे रोमांचक मुकाबले की गवाह बनी मटिहानी सीट से लगातार चार बार विधायक रहे बाहुबली नेता नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह ने 2025 का चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर 2020 में लड़े बोगो सिंह 333 वोट के अंतर से चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के टिकट पर लड़े नए-नवेले नेता राज कुमार सिंह से हार गए थे। लोजपा से जीते इकलौते विधायक राज कुमार बाद में नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में ही शामिल हो गए। तब से मटिहानी की राजनीति दिलचस्प हो गई और सिटिंग एमएलए के अपने ही पार्टी में आने से बोगो सिंह की जेडीयू से दूरियां भी बढ़ने लगी।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ राजनीतिक पारी शुरू करने वाले बोगो सिंह 2005 में पहली बार निर्दलीय जीते थे। बाद के तीन चुनाव में भी उन्हें जीत मिली जिसमें आखिरी के दो चुनाव में वो जेडीयू के उम्मीदवार थे। मटिहानी में 2020 में इतना कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला था कि बोगो सिंह को लोजपा से 333 वोट से हार मिली तो महागठबंधन से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के राजेंद्र प्रसाद सिंह विजेता से महज 765 वोट के अंतर से तीसरे नंबर पर रहे।
बाहुबली बोगो सिंह का बेटा डिजिटल अरेस्ट के झांसे में कई घंटे बंधक रहा, होटल से बरामद
2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) या महागठबंधन या फिर निर्दलीय लड़ने के मूड में दिख रहे बोगो सिंह ने कहा है कि वो 30 जून तक ऑफर का इंतजार करेंगे। इसके बाद वो अपनी तैयारी में उतर जाएंगे। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच मटिहानी में तीन बड़ी बैठक होगी जिसमें जनता और कार्यकर्ता जो आदेश करेंगे, उस आदेश पर वो खरे उतरेंगे। बोगो सिंह ने कहा कि पहली बैठक मटिहानी प्रखंड, दूसरी बैठक साम्हो प्रखंड और तीसरी बैठक बेगूसराय के नगर निगम, ग्रामीण और बरौनी प्रखंड की चार पंचायतों की होगी। बैठकों में चिंतन-मनन होगा, समुद्र मंथन होगा और उससे निकली अमृत की धारा से मटिहानी विधानसभा का विकास होगा।