नीतीश के MLA गोपाल मंडल के बिगड़े बोल; JDU के बड़े नेताओं को बता दिया कोबरा सांप, गाली भी दी
गोपाल मंडल ने भागलपुर के जदयू विधायक अजय मंडल और पार्टी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलो मंडल को कोबरा सांप करार दिया है। उन्हें गाली देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को इन दोनों से बचने की नसीहत भी दी। उन्होंने नीतीश कुमार के फैसले पर भी सवाल उठा दिया।
विवादित और आपत्तिजनक बयानों और गतिविधियों के लिए चर्चित जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने एक बार फिर विस्फोटक बयान दिया है। अपने विरोधियों को तत्काल जवाब देने वाले गोपाल मंडल के निशाने पर इस बार पार्टी के ही दो बड़े नेता हैं। उन्होंने भागलपुर के जदयू विधायक अजय मंडल और पार्टी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलो मंडल को कोबरा सांप करार दिया है। उन्हें गाली देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को इन दोनों से बचने की नसीहत भी दी है।
रविवार को भागलपुर में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल का आपत्तिजनक बयान सामने आया। बिहपुर विधानसभा में एनडीए के कार्यालय में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम को गोपाल मंडल कार्यकर्ताओं और अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। मंच से भाषण के दौरान गाली गलौज वाले शब्दों के साथ उन्होंने कहा कि अजय मंडल काला नाग है तो बुलो मंडल गोरा कोबरा है। इन दोनों से आप लोग बच कर रहिएगा। इनको वोट दे दिए हैं लेकिन कोई उम्मीद मत पालिएगा। हमेशा गोपाल मंडल से ही कोई उम्मीद किजीएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बुलो मंडल के लिए गाली के शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्होंने कहा कि उसके ऊपर दुश्मन गोली चलाया था तो कभी मेरा पैर पकड़ता था तो कभी मेरी पत्नी का। हमलावर पचास हजार का इनामी था। हम उसको हम मरवा दिए और एनकाउंटर लिखवा दिए। लेकिन वह(बुलो मंडल) हमारे लिए कुछ नहीं किया। यहां तक कि हमको पूछता भी नहीं है। वह बहुत खतम आदमी है। सबके विधानसभा में एमएलए मुख्य अतिथि लेकिन मेरे विधानसभा में कुछ नही। मेरी तबीयत खराब थी तो बिहार सरकार के काम का भी शिलान्यास कर देता था। उन्होंने कहा कि हम फाइटर आदमी हैं, गलत आदमी धरा जाए तो मुंडी छोड़कर समूचा धर अलग कर देंगे।
गोपाल मंडल ने नीतीश कुमार के निर्णय पर भी सवाल उठा दिया। कहा कि आरजेडी भगा दिया तो जदयू में आ गया। उसको अति पिछड़ा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की क्या जरूरत थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर अब तीसमार खान बनने लगा है। वह कोई बोलता है मुंहे में थप्पड़ मारेंगे। सांसद अजय मंडल पर बोलते हुए गोपाल मंडल ने कहा कि उसके पास संसाधन की कमी नहीं है। फिर भी गलत काम करता है। गाड़ी से वसूली की है। हर दिन उसके घर में पांच लाख आता गोपाल मंडल ने पुलिस और थानेदारों पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया।