बिहार में 5 डिग्री तक चढ़ा रात का पारा, ठंड का सितम खत्म; देखें मौसम का हाल
Bihar Weather: बिहार में ठंड का असर अब कम होता जा रहा है। न्यूनतम तापमान में कमी आने से अब हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा।

Bihar Weather Update: बिहार में ठंड का सितम अब खत्म हो गया है। राज्य में बीते 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। इससे रात के समय में ठिठुरन कम हो गई है। दोपहर में भी तीखी धूप पड़ने से गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अधिकतर शहरों में रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। सबसे ज्यादा नालंदा जिले के राजगीर में रात का पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। राजधानी पटना में भी न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। शेष हिस्सों में यह 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। बिहार के 8 शहरों में रात के तापमान में हल्की कमी देखी गई। अन्य सभी जगहों पर बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे कम तापमान सहरसा जिले के अगवानपुर में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के 26 शहरों के न्यूनतम तापमान में सर्वाधिक दो डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 4-5 दिनों के भीतर राज्यभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। फिलहाल किसी भी तरह की बारिश या आंधी-तूफान का अलर्ट नहीं है। ठंड का असर कम होने से सुबह के समय कुहासे में भी कमी आई है। इससे वाहन चालकों को राहत मिली है।