Bihar Weather: बिहार में आज से थमेगी पछुआ हवा की रफ्तार, चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले दो-तीन दिनों के भीतर रात और दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। इससे ठंड का असर कम होता जाएगा।

बिहार में शनिवार से बर्फीली पछुआ हवाओं की रफ्तार थम जाएगी। अगले दो-तीन दिनों के भीतर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस कारण लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। पटना समेत राज्यभर में बीते दो दिनों से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल रही हैं। इस कारण लगातार अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जाने के बाद पड़े प्रभाव से मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। 17 फरवरी को भी एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। शुक्रवार को पटना समेत बिहार के 32 शहरों के न्यूनत और 26 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
सीतामढ़ी का पुपरी 8.3 डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि सर्वाधिक तापमान औरंगाबाद में 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री और अधिकतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में अभी मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले चार-पांच दिनों तक किसी तरह का अलर्ट नहीं जारी हुआ है। राज्य में बारिश के आसार भी फिलहाल नहीं हैं। हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ ही दिन के समय में तपिश का एहसास हो सकता है।