भीषण गर्मी झेलने को हो जाएं तैयार, बिहार में मार्च महीने से ही हीट वेव के आसार
Bihar Weather: बिहार में इस बारॉ मार्च महीने के अंत से ही हीट वेव का दौर शुरू होने की आशंका है। दक्षिण बिहार के एक-दो जिलों में इसी महीने भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं।

Bihar Weather Heat Wave Aler: बिहार में मौसम जल्द ही आसमान से आग बरसाने वाला है। होली के बाद राज्य भर के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी, जिससे भीषण गर्मी की स्थिति बनेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने मार्च महीने के अंत में ही हीट वेव के आसार जता दिए हैं। कुछ जिलों में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 36 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। पछुआ हवाओं के प्रचंड प्रवाह से राज्य के दक्षिण पश्चिमी भाग के 4 जिलों में तापमान में असामान्य बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि अभी एक हफ्ते तक तापमान के नियंत्रित रहने के आसार हैं। होली पर्व के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी की स्थिति बनेगी। इस महीने के अंत तक बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर एवं आसपास के एक-दो जिलों में गर्मी अधिक सताएगी।
मार्च अंत तक हीट वेव, अप्रैल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की आशंका
मौसमविदों के अनुसार 15 मार्च के बाद से ही तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी का ट्रेंड दिखेगा, जिसका असर राज्य भर में होगा। पटना सहित अन्य जिलों में तापमान 34 से 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। लेकिन मार्च के अंत तक दक्षिण बिहार के एक-दो जिलों में हीट वेव जैसे हालात बनने लगेंगे। अनुमान किया जा रहा है कि इस लिहाज से अप्रैल महीने में इस साल रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने वाली है।
बक्सर, बांका, औरंगाबाद में प्रचंड गर्मी का ट्रेंड
पिछले 3-4 सालों से बिहार के दक्षिण पश्चिमी जिलों एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी का ट्रेंड देखा जा रहा है। सामान्यतया पिछले दो दशक में यह ट्रेंड रहा था कि गया में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती थी लेकिन 2019 के बाद से कई बार ऐसा हुआ कि गर्मियों में बक्सर, औरंगाबाद, कैमूर और बांका में अधिकतम तापमान उच्चतम स्तर पर रहा। इन जिलों में मार्च से लेकर जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री से लेकर सात डिग्री तक अधिक देखा गया।
तापमान के आंकड़े अप्रत्याशित होने की वजह से ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन की जांच की गई, उपकरणों का भी बदलाव किया गया लेकिन बक्सर में अधिकतम तापमान का ट्रेंड शीर्ष पर दिखा।