Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़भागलपुरDoor-to-Door Waste Collection Improvement QR Code System Introduced in Bhagalpur

क्यूआर कोड से होगी डोर टू डोर कलेक्शन की निगरानी

घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुधारने को निगम ने बनाई योजना शहर के काफी

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरThu, 19 Sep 2024 07:26 PM
share Share

भागलपुर, वरीय संवाददाता। आने वाले कुछ महीनों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति में सुधार स्पष्ट तौर पर नजर आएगा। इसके लिए नगर निगम ने क्यूआर कोड के जरिए घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की निगरानी करने की योजना तैयार की है। व्यवस्था के तहत शहर के हर घर को क्यूआर कोड से लैस कर दिया जाएगा। कूड़ा उठाने के बाद संबंधित सफाईकर्मी को उसको स्कैन करना होगा। स्कैन करते ही इसकी जानकारी नगर निगम को प्राप्त हो जाएगी। ऐसे में नगर निगम को यह पता रहेगा कि किसी भी दिन शहर के कितने घरों से कूड़ा उठाया गया है। जल्द ही इस योजना को मूर्त रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था में काफी सुधार हो जाने की संभावना है।

शहर के अधिकांश घरों से कूड़ा नहीं उठता है। इसकी वजह से लोग अपने घरों का कूड़ा सड़कों पर फेंकने को मजबूर हैं। वार्ड 14 के पार्षद अनिल कुमार पासवान, वार्ड 45 के पार्षद धीरज कुमार का कहना है उनके वार्ड में अधिकांश घरों से कूड़ा नहीं उठता है। जबकि प्रावधान है कि सफाई एजेंसी को प्रत्येक दिन शहर के सभी घरों से कूड़ा उठाना है, लेकिन यह व्यवस्था नगर निगम प्रशासन की कई तरह की कोशिशों के बावजूद सफल नहीं हो सकी है।

इस तरह की गड़बड़ी से नगर निगम बोर्ड से लेकर स्थायी समिति की बैठक में सफाई एजेंसी को हटाने की मांग उठ चुकी है। इन सब वजहों से नगर आयुक्त डॉ. प्रीति शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गई हैं। इसको लेकर उन्होंने प्रदेश के सभी नगर निगमों में सफाई कार्य देख रही सफाई एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर 23 सितंबर को दोनों सफाई एजेंसियों के प्रोपराइटरों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद इन एजेंसियों के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। इसी क्रम में घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को क्यूआर कोड आधारित करने का निर्णय लिया जाएगा।

कोट

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर काफी संख्या में पार्षदों की शिकायत मिली है। डोर टू डोर कूड़ा उठाने को लेकर भी शिकायतें हैं। ऐसे में कूड़ा उठाने की व्यवस्था को क्यूआर कोड आधारित करने की योजना तैयार की गई है। जल्द ही इसको मूर्त रूप देने की कोशिश रहेगी।

-डॉ. प्रीति, नगर आयुक्त

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें