खतरे में है लोकतंत्र : मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने मीडिया की भूमिका पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मीडिया अब सत्ताधारी दलों के हाथ में है और लोकतंत्र को खतरा है। उन्होंने सोशल मीडिया के महत्व को भी बताया...

बगहा/वाल्मीकिनगर,हसं/एप्र। पहले के जमाने में मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता था, जिसके सहारे लेाग न्याय की लड़ाई लड़ते थे। आज सत्ताधारी दल मीडिया का अपने हित में प्रयोग करती है। मीडिया कारपोरेट घराने में चली गयी है, जहां बिजनेस देखा जाता है। इसलिए देश का लोकतंत्र कहीं न कहीं खतरे में है। उक्त बातें विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक सह पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कही। वे पार्टी के आईटी सेल के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। शनिवार को वाल्मीकिनगर के अंतराष्ट्रीय कंवेंशन सेंटर के वाल्मीकि सभागार में विकासशील इंसान पार्टी की दो दिवसीय आईटी प्रकोष्ठ का बैठक शुरू हुई।
बैठक की शुरुआत मुकेश सहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसमें झारखंड, उत्तर प्रदेश व बिहार कार्यकर्ताओं व पदाधिकारी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन मजबूत हो रहा है। लेकिन यह साल अग्निपरीक्षा की है। आज के समय में देश कर करीब 150 करोड़ जनता में से 30 करोड़ लोग सक्रिय रूप से सोशल मीडिया पर हैं। सोशल मीडिया न्याय पाने का सशक्त माध्यम बना है। लोगों को यह बताने की जरूरत है कि हम 11 साल से क्या कर रहे हैं और क्या सोच रहे हैं। आने वाला चुनाव बिहार के लिए बहुत बड़ा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सही माने में हमारी पार्टी की नीति और प्राथमिकता गरीबों का कल्याण रही है। इन दिनों राजनीति में काफी बदलाव आया है। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आईटी सेल मुकेश निषाद, उपाध्यक्ष नुरूलहोदा, जितेंद्र सहनी, पूर्व आईजी वरुण विजय व पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।