Hindi Newsबिहार न्यूज़After many bridges in Bihar now culvert collapses Collapsed due to heavy rains

बिहार में पुलों के बाद अब पुलिया ढही; तेज बारिश में हुई ध्वस्त, मोकामा से कई गांवों का टूटा संपर्क

बिहार में पुलों के ढहने की घटना के बाद अब पुलिया भी सुरक्षित नहीं हैं। मोकामा में तेज बारिश में पुलिया के ध्वस्त हो जाने से कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क कट गया है। और 7 हजार की आबादी प्रभावित हुई है।

sandeep हिन्दुस्तान, मोकामाTue, 13 Aug 2024 11:05 AM
share Share

बिहार में पुल और पुलियों के ढहने का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। ताजा मामला मोकामा से सामने आया है। जहां गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार बारिश के कारण पानी के दबाव से मोकामा प्रखंड के कसहा दियारा में पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। 2017 में निर्मित पुलिया पानी के दबाव को झेल नहीं सकी और ध्वस्त हो गई। पुलिया के ध्वस्त होने की जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया।

ग्रामीणों की माने तो 2017 में निर्मित पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से पुरानी कसहा, विजयगढ़, डुमरा जंजीरा और सीतापुर गांवों का मोकामा प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। शिवनगर और पुरानी कसहा के बीच बनी पुलिया के ध्वस्त होने से सात हजार की आबादी प्रभावित हुई है तथा सड़क मार्ग पर परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है। मोकामा अंचलाधिकारी ने बताया कि जल संसाधन विभाग तथा बाढ़ नियंत्रण के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है तथा तत्परता पूर्वक निर्माण कार्य शुरू कर सड़क आवागमन को बहाल कराया जाएगा।

प्रशासन के दावों के विपरीत स्थानीय लोगों ने बताया कि देश शाम तक मरम्मत के लिए अभियंता या दूसरे कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे थे। इस पुलिया के ध्वस्त होने से कई गांवों का संपर्क मोकामा मुख्यालय से कट गया है। ग्रामीणों में प्रशासन को लेकर काफी रोष है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में भी एक छोटा पुल ढह गया था। जिससे कई हजार आबादी प्रभावित हुई है।

ये भी पढ़े:अब तेजस्वी की विधानसभा में बह गया पुल; नाव ही सहारा, संकट में 10 हजार आबादी

 

वहीं बिहार में गिरते पुलों की घटनाओं को लेकर नीतीश सरकार एक्शन मोड में है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है विभाग के पुलों के निर्माण के लिए नया एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) बनाया गया है। अब मानक के अनुरूप ही होगा पुल-पुलिया का निर्माण किया जाएगा। राज्य में अब पुलों का निर्माण जल संसाधन के एसओपी पर ही किया जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें