बिहार को बड़ी सौगात; अररिया-सुपौल हाईवे के एलाइनमेंट को केंद्र की मंजूरी, 1979 करोड़ होंगे खर्च
अररिया से परसरमा के बीच सड़क बनी हुई है। इसी सड़क को पेब्ड सोल्डर के साथ दो लेन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 111.82 किमी है। इसमें 24.60 किमी बाइपास होगा, जबकि 12.18 किमी का एलाइनमेंट नए सिरे से तय किया गया है।

केन्द्र सरकार ने अररिया-परसरमा (सुपौल) (एनएच 327ई) का एलाइनमेंट (मार्गरेखन) तय कर दिया है। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अब इस सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा। छह-आठ महीने के भीतर निविदा और सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। सरकार की कोशिश होगी कि इस साल के अंत तक इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाए। अधिसूचना के अनुसार इस सड़क को पेब्ड सोल्डर के साथ दो लेन बनाया जाएगा।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार अभी अररिया से परसरमा के बीच सड़क बनी हुई है। इसी सड़क को पेब्ड सोल्डर के साथ दो लेन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 111.82 किमी है। इसमें 24.60 किमी बाइपास होगा, जबकि 12.18 किमी का एलाइनमेंट नए सिरे से तय किया गया है।
वहीं 75.04 किमी सड़क को और चौड़ा किया जाएगा। इस सड़क को सुपौल शहर से जोड़ने के लिए 1.749 किमी और त्रिवेणीगंज शहर को जोड़ने के लिए 3.288 किमी स्पर का निर्माण होगा। इस सड़क पर अधिकतम 100 किलोमीटर की रफ्तार से गाड़ी चलाई जा सकेगी। परियोजना पर 1979.51 करोड़ खर्च होंगे। 7.29 किमी आबादी के बीच से होकर गुजरने वाली इस सड़क में एक इंटरचेंज, 14 मेजर जंक्शन, 71 माइनर जंक्शन, छह बड़े पुल, 57 छोटे पुल बनाए जाएंगे।
रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण दो रेलवे ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे। दो फ्लाईओवर, दो व्हीकल अंडरपास बनाए जाएंगे। 1902 छोटे घर तोड़े जाएंगे। 3353 पेड़ों की कटाई होगी। 350 हेक्टेयर निजी जमीन का अधिग्रहण होगा। 159 हेक्टेयर सरकारी जमीन का अधिग्रहण होगा। जमीन अधिग्रहण मद में 618 करोड़ खर्च होंगे। परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्यूटी मोड के तहत होगा। यानी निर्माण एजेंसी को 60 फीसदी राशि खर्च करनी होगी।
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी स्थित उच्चैठ भगवती स्थान जाने वाली सड़क से इसका जुड़ाव होगा। ऐसे में सुपौल, पिपरा, त्रिवेणीगंज, रानीगंज के लोगों को सीधा लाभ होगा। जबकि सहरसा, मधुबनी, अररिया, किशनगंज से सिल्लीगुड़ी तक जाने वालों को भी इसका लाभ मिलेगा। पहले इस सड़क का निर्माण चार लेन होना था, लेकिन गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे बनने से अररिया-परसरमा को दो लेन पेब्ड सोल्डर के रूप में ही इसे विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।