माघ गुप्त नवरात्रि में इन चीजों का करें दान, सुख-सौभाग्य प्राप्ति की है मान्यता
- Magh Gupt Navratri 2025: पंचांग के अनुसार, 30 जनवरी 2025 से माघ गुप्त नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। इस दौरान 10 महा विद्याओं की गुप्त पूजा की जाती है साथ ही गुप्त रूप से कुछ चीजों का दान करने शुभ फलों की प्राप्ति होती है।

Magh Gupt Navratri 2025: चैत्र नवरात्रि, शारदीय नवरात्रि और गुप्त नवरात्रि समेत सालभर में कुल चार नवरात्रि मनाई जाती हैं। चैत्र और शारदीय नवरात्रि देवी दुर्गा के 9 स्वरूपों की पूजा-आराधना के लिए समर्पित माना जाता है। वहीं,माघ गुप्त नवरात्रि थोड़ी अलग होती है। इस दिन 10 महा विद्याओं की पूजा की जाती है। जिसमें देवी काली, तारा, त्रिपुर सुंदरी, माता छिन्नमस्ता, त्रिपुर भैरवी, मां धूमावती, बगलामुखी,मातंगी और कमला देवी शामिल हैं। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल 30 जनवरी 2025 दिन गुरुवार से माघ गुप्त नवरात्रि की शुरुआत हो रही है और 7 फरवरी 2025 को इसका समापन होगा। माघ गुप्त नवरात्रि में पूजा-अर्चना के साथ कुछ चीजों का दान करना भी बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे साधक को सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है और जीवन में खुशियों का आगमन होता है। आइए जानते हैं माघ गुप्त नवरात्रि की दान-सामग्री...
कुमकुम दान:कुमकुम माथे पर लगाया जाता है। यह देवी दुर्गा, शक्ति और सुंदरता का प्रतीक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि कुमकुम दान करने से देवी भगवती प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों को सुख-समृद्धि और सफलता का आशीर्वाद देती हैं।
अन्न दान: माघ गुप्त नवरात्रि के दौरान अन्न-दान कर सकते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से देवी दुर्गा प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों को सुख-समृद्धि का वरदान देती है। अन्न दान से साधक को सभी रोग-दोषों से छुटकारा मिलता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। कहा जाता है कि अन्न दान करने से पापों से भी मुक्ति मिलती है।
जौ का दान : मनोवांछित फलों की प्राप्ति के लिए माघ गुप्त नवरात्रि के दिनों में जौ का भी गुप्त दान कर सकते हैं। मान्यता है कि इससे जीवन के समस्त दुख-कष्टों से छुटकारा मिलता है।
वस्त्र व आभूषण: धन, सुख-संपन्नता के लिए माघ गुप्त नवरात्रि में वस्त्र या आभूषण का भी दान कर सकते हैं।