अधीर रंजन चौधरी ने बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष पद नहीं छोड़ा, इस्तीफे से किया इनकार
खबरें आई थीं कि अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार दोपहर कांग्रेस कमेटी की राज्य इकाई की बैठक के बाद चौधरी ने कथित तौर पर इस्तीफा दिया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुक्रवार को उन खबरों को खारिज किया जिनमें कहा गया था कि उन्होंने पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के संविधान के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के चुनाव के बाद सभी प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष अस्थायी प्रमुख बन गए हैं।
चौधरी ने कहा, "मैं कांग्रेस की प्रदेश इकाई का अस्थायी अध्यक्ष हूं। जिस दिन से मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं तब से भारत के किसी अन्य राज्य में अध्यक्ष नहीं रहा है।" उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि मीडिया ऐसी कहानियां गढ़ रहा है कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे के अनुसार, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलता है तो वह ही क्षेत्रीय इकाइयों के नए अध्यक्षों की नियुक्ति करता है। खरगे 2022 में कांग्रेस अध्यक्ष बने, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने किसी भी राज्य में अध्यक्ष नहीं बदला।
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को खबरें आई थीं कि अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार दोपहर कांग्रेस कमेटी की राज्य इकाई की बैठक के बाद चौधरी ने कथित तौर पर इस्तीफा दिया था। यह बैठक हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में पार्टी के खराब प्रदर्शन की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
(इनपुट एजेंसी)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।