फरवरी में ही बढ़ गई तपिश, महीने के आखिर तक क्या होगा हाल, जानें मौसम का मिजाज
- दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में जहां सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, वहीं दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

उत्तर भारत में इस बार फरवरी के महीने में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में जहां सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, वहीं दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार ठंड तेजी से वापसी कर रही है और धूप की तपिश बढ़ती जा रही है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, जल्द ही उत्तर भारत के राज्यों में रजाई-कंबल पैक करने की जरूरत पड़ सकती है। बताया जा रहा है कि महीने के आखिर तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास हो सकता है।
इन राज्यों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग (आईएमडी) ने 15 फरवरी तक सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, असम, नागालैंड और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी-बिहार में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, जम्मू और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, पहाड़ों में हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते इन राज्यों में ठंडी हवाएं बह रही हैं। दिन में तापमान बढ़ने के कारण गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और रात में हल्की ठंड का असर बना रहेगा। अगले चार दिनों में यूपी और बिहार में ठंड में कमी आएगी और हल्की बारिश होने की संभावना है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिसकी वजह से राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर बांग्लादेश में भी चक्रवाती हवाओं का असर दिख रहा है। पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है, लेकिन उसके बाद इसमें गिरावट हो सकती है। उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
दिल्ली में मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार को सुबह हल्का कोहरा रह सकता है और दिन में तेज हवाएं चलेंगी। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। फरवरी के अंत तक दिल्ली का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।