सावधान! फिर बदलेगा मौसम, जम्मू से लेकर यूपी तक होगी बारिश और बर्फबारी; आईएमडी का अलर्ट
- आईएमडी के मुताबिक, 26 फरवरी से लेकर 1 मार्च के बीच पंजाब और हरियाणा में छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश की संभावना है। 27 फरवरी-1 मार्च के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बदरा बरस सकते हैं।

मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। गुजरती ठंड अपने साथ बारिश लेकर आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ताजा पश्चिमी विक्षोभ 25-28 फरवरी के बीच अपना असर दिखाएगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बरसात होगी। गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। 26 फरवरी से लेकर 1 मार्च के बीच पंजाब और हरियाणा में छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश की संभावना है। 27 फरवरी-1 मार्च के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बदरा बरस सकते हैं। 24 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मौसम बदलेगा। आज कुछ जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट पहले ही जारी कर दिया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाया हुआ है। इससे यातायात प्रभावित हुआ और बीते दिनों हुई बारिश के चलते ठंड भी कुछ बड़ी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.2 डिग्री अधिक है। दिन में राष्ट्रीय राजधानी में आसमान काफी हद तक साफ रहा। न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 96 प्रतिशत से 44 प्रतिशत के बीच रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 143 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
जम्मू-कश्मीर में अगले 4 दिनों तक वर्षा और हिमपात
जम्मू-कश्मीर में 25 फरवरी से अधिकतर स्थानों पर चार दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा और हिमपात होने के आसार हैं। सोमवार तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। 25 फरवरी से महीने के अंत तक बादल छाए रहने और अधिकतक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व हिमपात होने का अनुमान है। श्रीनगर में देर रात न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम के पर्यटन रिसॉर्ट शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस और काजीगुंड में शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कश्मीर संभाग में अधिकतम तापमान में भी दो-चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई, जिसमें श्रीनगर में सबसे अधिक 15.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 11.0 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।