Hindi Newsमौसम न्यूज़Weather News 20 February IMD Rain Forecast for Delhi NCR UP Jammu Kashmir Jharkhand

Weather: बंगाल में आंधी-पानी, कश्मीर में बारिश के आसार; यूपी समेत कई राज्यों का कैसा रहेगा मौसम

  • Weather News: राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में बृहस्पतिवार को सुबह बारिश हुई और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तानThu, 20 Feb 2025 12:52 PM
share Share
Follow Us on
Weather: बंगाल में आंधी-पानी, कश्मीर में बारिश के आसार; यूपी समेत कई राज्यों का कैसा रहेगा मौसम

Weather Updates: देश के विभिन्न राज्यों के मौसम तेजी से बदल रहे हैं। दर्जनों राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 फरवरी को जारी एक मौसम रिपोर्ट में इसकी बात कही है। आईएमडी ने गुरुवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने बताया कि सुबह पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा और बीरभूम में कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी और कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया। विभाग ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दक्षिण बंगाल के जिलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री अधिक था।

कश्मीर में वर्षा और बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र, श्रीनगर ने बुधवार को बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में आज शाम बादल छाये रहने और गुरुवार शाम तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा बर्फबारी और कल जम्मू संभाग के अलग-अलग ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। चेनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के ऊंचे इलाकों में 7-12 इंच की गहराई तक मध्यम बर्फबारी होने जबकि उत्तर औरमध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में 4-8 इंच बर्फबारी होने का अनुमान है।

दिल्ली के हुई बारिश

राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में बृहस्पतिवार को सुबह बारिश हुई और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आईएमडी के अनुसार, दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार 20 फरवरी को यूपी के 30 से ज्यादा जिलों में बारिश हो सकती है। शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और हरदोई समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा, गाजियाबाद में आज सुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है। हालांकि ग्रेटर नोएडा में मौसम साफ नजर आ रहा है।

आईएमडी के मुताबिक यूपी में 20 फरवरी को लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर, मथुरा, अलीगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, अमरोहा, बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान बादलों के गरजने की आवाज भी सुनाई देगी। वहीं 21 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा और यूपी में कुछ जगहों पर सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।

झारखंड में बारिश, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी

झारखंड में गुरुवार सुबह कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि अन्य कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य की राजधानी रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में बादलों की गरज के साथ बारिश हुई। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 8.30 बजे तक रांची में 11.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सरायकेला में 23.5 मिमी, सिमडेगा में 10.5 मिमी, लोहरदगा में 7.5 मिमी और बोकारो में दो मिमी बारिश हुई।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, "पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले 24 घंटों में झारखंड के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।" अधिकारी ने कहा कि गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित पूर्वी राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें