Notification Icon
Hindi Newsमौसम न्यूज़Rain Alert IMD Forecast heavy Rains in two days in 6 states due to deep depression Bihar Jharkhand Bengal Weather Update

सावधान ! अगले 2 दिन इन छह राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, 70KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन में बताया है कि गहरा दबाव पश्चिम बंगाल में बांकुरा से 50 किलोमीटर दक्षिण, झारखंड में जमशेदपुर से 90 किलोमीटर पूर्व और रांची से 190 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में केंद्रित है।IMD के मुताबिक, अगले 12 घंटों में इसके आगे बढ़ने और कमजोर होने की संभावना है।

Pramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 16 Sep 2024 09:29 AM
share Share

बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ चला है और अगले 24 घंटों में इसके कमजोर पड़ने की उम्मीद है लेकिन इस दौरान पड़ोसी राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा पूर्वानुमानों में बताया है कि पश्चिम बंगाल के ऊपर बना दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रही है लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान इसकी स्पीड तेज हो सकती है और पश्चिम बंगाल समेत पड़ोसी झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।

IMD ने झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 16 सितंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बिहार, सिक्किम, असम और सभी पूर्वोत्तर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों खासकर पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में 55 से 70 किसोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन में बताया है कि मौसम प्रणाली पश्चिम बंगाल में बांकुरा से 50 किलोमीटर दक्षिण, झारखंड में जमशेदपुर से 90 किलोमीटर पूर्व और रांची से 190 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में केंद्रित है।आईएमडी के मुताबिक, अगले 12 घंटों में इसके धीरे-धीरे गांगेय पश्चिम बंगाल में आगे बढ़ने तथा कमजोर होने की संभावना है। इसके बाद यह झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की दिशा में बढ़ जाएगी। 

इस बीच सोमवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित राज्य के दक्षिणी हिस्से में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा और कोलकाता में कई जगहों पर जलजमाव की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि पूर्वी कोलकाता में कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही। कोलकाता और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह साढ़े छह बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 65 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।

डिप्रेशन की वजह से झारखंड में भी लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों में राज्य के तेज हवाओं के साथ कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। IMD ने कहा है कि झारखंड में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से अगले 48 घंटों में राहत मिलने के आसार हैं। भारी बारिश के कारण रविवार को मुख्य रूप से गढ़वा और लातेहार जिलों में कई पुलिया बह गईं। किसानों ने बताया कि तेज हवाओं के साथ आ रही बारिश ने कई इलाकों में खड़ी धान की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। राज्य में रविवार को सबसे अधिक 152.8 मिलीमीटर बारिश गढ़वा जिले के मेराल में हुई। इसके बाद रांची के बुढ़मू क्षेत्र में 112.2 मिमी और डालटनगंज में 110 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 81 प्रतिशत दर्ज किया गया। IMD ने कहा है कि 17 सितंबर को झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश,पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गहरे दवाब का असर देखने को मिल सकता है और इन राज्यों में भी सामान्य से अत्यधिक बारिश हो सकती है। IMD ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि बिहार, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इस दौरान बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें