Hindi Newsमौसम न्यूज़Mausam Samachar Weather report rain Forecast in UP Delhi Cold weather Return

यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में पलट रहा मौसम, बारिश से कहां-कहां लौटेगी सर्दी

  • Weather Report: पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिम राजस्थान में चक्रीय परिसंचरण सक्रिय हो गया है। इस विक्षोभ के आगे बढ़ने की संभावना है। इसके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अरब सागर से नमी वाली हवा चलने की संभावना है।

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तानThu, 27 Feb 2025 09:52 AM
share Share
Follow Us on
यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में पलट रहा मौसम, बारिश से कहां-कहां लौटेगी सर्दी

IMD Weather Report 27 February: देश के कई हिस्सों में मौसम में अचानक बदलाव देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और आसपास के राज्यों में ठंडी हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे सर्दी की वापसी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस समय कई राज्यों में मौसम के मिजाज में बदलाव आ रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है। बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट आने के कारण सर्दी फिर से लौट सकती है।

दिल्ली में दिन के तापमान में गिरावट आएगी और ठंडी हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में भी बारिश के बाद रात का तापमान गिरने की संभावना है, जिससे सर्दी में इजाफा हो सकता है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश का असर रहेगा, जिससे मौसम सर्द हो जाएगा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिम राजस्थान में चक्रीय परिसंचरण सक्रिय हो गया है। इस विक्षोभ के आगे बढ़ने की संभावना है। इसके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अरब सागर से नमी वाली हवा चलने की संभावना है। मौसम की यह स्थिति 28 फरवरी तक जारी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान बादल के गरजने और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट
आईएमडी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगितस बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 और 28 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, और गिलगित-बाल्टिस्तान में 27 फरवरी को बहुत भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 27 और 28 फरवरी को भारी बारिश की संभावना है।

हरियाणा और चंडीगढ़ में भी होगी बारिश
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 27 फरवरी से 1 मार्च तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 28 फरवरी को पंजाब में भारी बारिश हो सकती है। 27 और 28 फरवरी को पंजाब और हरियाणा में आंधी और ओलावृष्टि का भी खतरा है।

आईएमडी ने कहा है कि 2 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी भारत पर प्रभाव डाल सकता है। इसके कारण 2 से 4 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

गिरेगा पारा
अगले दो दिनों में उत्तर पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है, जबकि इसके बाद 2-4 डिग्री की गिरावट की संभावना है। देश के अन्य हिस्सों में अगले 4-5 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।

उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। कोंकण और गोवा में अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें