अकबर की गलती से हो गई थी बीरबल की मौत? नहीं हो सका था अंतिम संस्कार
बीरबल बादशाह अकबर के नौ रत्नों में शामिल थे। उनकी मौत को लेकर कई तरह के किस्से प्रचलित हैं। हालांकि यह स्पष्ट हैकि अफगानिस्तान में एक युद्ध के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
बादशाह अकबर और बीरबल के किस्से हम बचपन से सुनते आए हैं। अकबर के सवाल और बीरबल के चुटीले जवाब। चुटकुलों की सबसे पहली किताब अगर हमने पढ़ी होगी तो वह अकबर बीरबल के चुटकुले ही होगी। बीरबल अकबर के बेहद चहेते मंत्री थे और उनके नौ रत्नों में शामिल थे। हालांकि बीरबल की मौत अफगानिस्तान में युद्ध के दौरान हो गई थी। बादशाह अकबर की एक गलती की वजह से उन्हें गुमनामी वाली मौत मिली। उनकी मृत्यु के बाद भी जिंदा रहने की अफवाहें उड़ती रहीं। हालांकि बीरबल की लाश भी कभी नहीं मिल सकी। आइए जानते हैं आखिर बीरबल की मौत कैसे हुई थी।
शमी जमां की किताब 'अकबर' में बीरबल के आखिरी समय के बारे में भी जानकारी मिलती है। इसमें लिखा गया है कि अफगानिस्तान के स्वात और बाजौर में कुछ कबीलों ने आतंक मचा रखा था। लोग उनकी लूटपाट से त्रस्त हो गए थे। अकबर ने पहले अपने एक सेनापति जैन खान कोका को उन कबीलाइयों से लोहा लेने के लिए भेजा लेकिन वह पस्त हो गया।
कोका ने मदद के लिए अकबर को पत्र लिखा। अकबर ने बीरबल को युद्ध पर भेजने का फैसला कर लिया जो कि बिल्कुल गलत था। बीरबल युद्ध में उतने माहिर नहीं थे जितना की प्रशासनिक कार्यों में। जब कबीलों ने कोका के छक्के छुड़ा दिए थे तो ऐसे में अकबर को किसी युद्ध प्रवीण व्यक्ति को वहां भेजना चाहिए था।
अकबर के सिपहसालार ने ही कर दी साजिश
कहा जाता है कि कोका ने ही बीरबल के खिलाफ साजिश की। पहले से ही दोनों में कुछ अनबन रहती थी। बीरबल के वहां पहुंचने पर उन्हें पहाड़ी से गिराकर मार दिया गया। यह भी कहा जाता है कि अफगानी कबीलों के हमले में बीरबल मारे गए। कहा जाता है कि बीरबल पत्थऱ के नीचे दब गए थे और उनकी मौत हो गई। अबुल फजल ने अकबरनामा में बताया कि बीरबल की मौत के बाद अकबर को बहुत अफसोस हुआ था और वह गुमसुम रहने लगे थे।
बीरबल की मौत के बाद उनकी लाश तक नहीं मिली थी। अकबर ने बाद में फैसला किया कि वह उनके शव को ढूंढने के लिए अफगान जाएंगे हालांकि लोगों ने उन्हें दिलासा देकर रोक लिया। बाद में अफवाहें उड़ती रहीं कि बीरबल जिंदा हैं और अब वह साधु के वेश में रहने लगे हैं। हालांकि वह दोबारा नहीं मिले और यही माना गया कि उनकी मौत हो गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।