8 सालों में 22 फर्जी कर्मचारी बनाए, सैलरी के नाम पर करोड़ों उड़ाए; HR का कारनामा
- एक कंपनी के HR मैनेजर ने आठ सालों में 22 फर्जी कर्मचारियों को काम पर रखा और उनके नाम की फर्जी उपस्थिति दर्ज करवाता रहा। इसके जरिए उसने कंपनी को करोड़ों रुपयों का चूना लगा दिया।
किसी भी कंपनी के लिए उसका ह्यूमन रिसोर्स मैनेजर सबसे जरूरी होता है। वही होता है जो यह देखता है कि कंपनी को किस तरीके के और कितनी संख्या में लोगों की जरूरत है लेकिन अगर ह्यूमन रिसोर्स डेस्क का मैनेजर ही फर्जीवाड़ा करने पर उतर आए तो.. ऐसा ही एक मामला चीन में सामने आया है यहां पर एक एचआर मैनेजर ने 8 सालों तक 22 फर्जी कर्मचारियों की बिल्कुल सटीक अटेडेंस दर्ज की और उन्हें बराबर सैलरी देता रहा। इस तरीके से उसने कंपनी को करीब 16 मिलियन युआन यानी 18 करोड़ रुपये की घपलेबाजी कर दी।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक यांग नाम का एक व्यक्ति चीन की राजधानी शंघाई में लेबर सर्विस कंपनी में मैनेजर के रूप में काम करता था। यहां पर उसका काम एक फर्म को दिए गए श्रमिकों के बदले में उनकी वेतन का प्रबंधन करने का था। आठ साल पहले यांग ने जब समझा की कर्मचारियों की नियुक्ति और वेतन देने तक में उसके अलावा कोई और व्यक्ति नहीं है तो उसने इस खामी का फायदा उठाने का सोचा। सबसे पहले उसने सन नाम के एक फर्जी कर्मचारी को बनाया और एक महीने के बाद उसके नाम पर वेतन के भुगतान के लिए आवेदन कर दिया। यांग ने यहां पर पैसे एक फर्जी अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए।
यांग के इस कारनामे का पता किसी को भी नहीं चला और यह सब शांति से चलता रहा। 2014 में अपने इस कारनामे से खुश होकर यांग ने धीरे-धीरे और फर्जी कर्मचारी बनाना शुरू कर दिया। और 2022 तक आते-आते वह 22 कर्मचारियों को बना चुका था। 2022 में उसका यह भांडा फूट गया। इन कर्मचारियों की वेतन कितनी थी इसके बारे में कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है।
कैसे फूटा भांडा
यांग 8 सालों तक इन कर्मचारियों के नाम की सैलरी उठाता रहा। लेकिन 2022 में फर्म के वित्त विभाग ने यह गड़बड़ी नोटिस की। उन्होंने देखा की सन नाम का कर्मचारी पिछले 8 सालों से लगातार काम पर आ रहा है और तो और लगातार वह अपनी सैलरी भी ले रहा है लेकिन तब भी उसे किसी ने देखा नहीं है कंपनी में कोई भी उसका दोस्त या पहचानने वाला नहीं है। वित्त विभाग ने इसकी जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दी। उन्होंने पेरोल रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की जांच की और तब जाकर यांग की धोखाधड़ी का पता चला।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।